यूपी विधानसभा उपचुनाव: भाजपा का 6 सीटों पर कब्जा, एक सपा के खाते में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी अपनी-अपनी सीटें बचाने में कामयाब रहे हैं। 2017 चुनाव की तरह की सात में छह सीटें भाजपा और एक सीट सपा के हिस्से में आयी हैं। उपचुनाव के लिए मतदान तीन नवंबर को हुए थे और वोटों की …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी अपनी-अपनी सीटें बचाने में कामयाब रहे हैं। 2017 चुनाव की तरह की सात में छह सीटें भाजपा और एक सीट सपा के हिस्से में आयी हैं। उपचुनाव के लिए मतदान तीन नवंबर को हुए थे और वोटों की गिनती आज सुबह से शुरू हुई।

निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक बांगरमऊ, देवरिया, टूंडला, बुलंदशहर, नौगांव सादात और घाटमपुर सीटों पर भाजपा को जबकि मल्‍हनी सीट पर सपा को जीत मिली है। उन्‍नाव जिले की बांगरमऊ सीट पर भाजपा के श्रीकांत कटियार ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की आरती बाजपेयी को 31,398 मतों से जबकि देवरिया में भाजपा के सत्‍यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के ब्रह्मशंकर त्रिपाठी को 20,089 मतों से पराजित किया है।

घाटमपुर में भाजपा के उपेंद्र नाथ पासवान ने अपने निकटतम प्रतद्विंद्वी कांग्रेस के डॉक्‍टर कृपाशंकर को 23,820 वोटों के अंतर से और टूंडला में भाजपा के प्रेमपाल सिंह धनगर ने सपा के महाराज सिंह धनगर को 17,683 मतों के अंतर से पराजित किया है। भाजपा की एक और उम्‍मीदवार उषा सिरोही ने बुलंदशहर सीट पर बसपा के मोहम्‍मद युनूस को 21,702 वोटों के अंतर से हराया है। यह सीट उषा सिरोही के पति और विधानसभा में भाजपा विधायक दल के मुख्‍य सचेतक वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन से रिक्त हुई थी।

नौगांव सादात सीट पर भाजपा की संगीता चौहान ने समाजवादी पार्टी के जावेद अब्‍बास को 15,077 मतों के अंतर से हराया है। यह सीट प्रदेश सरकार में मंत्री रहे पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन के बाद रिक्त हुई थी और भाजपा ने उनकी पत्नी संगीता को उम्मीदवार बनाया। मल्हनी सीट पर समाजवादी पार्टी के लकी यादव ने 4,632 मतों से निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह को पराजित किया है। मल्‍हनी सीट पर पिछली बार लकी के पिता पारसनाथ यादव चुनाव जीते थे जिनकी बीमारी से मृत्यु होने के कारण यह सीट खाली हुई थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा को मिली जीत का श्रेय सरकार और संगठन के टीम वर्क को दिया। उन्होने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के बावजूद सरकार द्वारा जनता को बचाने के लिये किये गये प्रयासों या फिर संगठन ही सेवा है के भाव के संकल्प के साथ प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री और पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ मिल कर जो प्रदर्शन किया है। आज उसका परिणाम सात सीटों पर हुये उपचुनाव के परिणाम के तौर पर सामने आया है।

उन्होंने कहा “इसके लिये प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री सुनील बंसल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा. दिनेश शर्मा समेत पूरी टीम बधाई की पात्र है जिन्होने टीम भावना के साथ 2017 के प्रदर्शन को दोहराने में सफलता हासिल की है।

वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिये षड़यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपनी अंहकारी एकाधिकारवादी राजनीति से देश में लोकतंत्र को भी कमजोर करने में लगी है।

संबंधित समाचार