बरेली: भाजपा प्रत्याशी सहित इन पांच दावेदारों ने दाखिल किया नामांकन
बरेली, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी के चुनाव में मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी सहित पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसमें भाजपा प्रत्याशी डा. हरि सिंह ढिल्लों के पुत्र ने भी नामांकन पत्र भरा है। भाजपा प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल करने से पहले मिशन अस्पताल परिसर में सभा की। इसमें केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, …
बरेली, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी के चुनाव में मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी सहित पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसमें भाजपा प्रत्याशी डा. हरि सिंह ढिल्लों के पुत्र ने भी नामांकन पत्र भरा है। भाजपा प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल करने से पहले मिशन अस्पताल परिसर में सभा की।
इसमें केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाबो देवी सहित बरेली-मुरादाबाद मंडल के सांसद, विधायक और पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने सभा को संबोधित करते पार्टी के प्रत्याशी की जीत के लिए हुंकार भरी जबकि दो अन्य प्रत्याशियों ने भी समर्थकों की भीड़ जुटा कर सभा कर संबोधित किया।
पहले सभा कर भरी हुंकार, फिर भरा डा. ढिल्लों ने पर्चा
मिशन अस्पताल परिसर पहुंचे भाजपा प्रत्याशी डा. हरि सिंह ढिल्लों ने वहां पर सभा की। सभा के बाद डा. ढिल्लो अपने प्रस्तावकों और चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समर्थकों के साथ मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। जहां पर अपर आयुक्त प्रशासन कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले मिशन अस्पताल में हुई सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि बिहार का चुनाव हो या प्रदेश का उपचुनाव सभी जगहों पर लोगों को विश्वास भाजपा के प्रति झलक रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे कार्यों के कारण हम हर चुनाव लगातार जीत रहे हैं। विधान परिषद सदस्य का चुनाव गुरुजनों का है। इसमें निश्चित ही पार्टी के प्रत्याशी को ऐतिहासिक जीत हासिल होगी।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि शिक्षक हितों के लिए प्रदेश सरकार ने बेहतर कार्य किया है। प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री उपेंद्र चौधरी ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन के चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी की जीत निश्चित होगी। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि शिक्षकों की भर्ती में सरकार ने पारदर्शिता के साथ कार्य किया है। मेयर डा. उमेश गौतम ने कहा कि शिक्षक वर्ग समाज का मार्गदर्शक होता है, जो भाजपा के पक्ष में खड़ा होता दिख रहा है।
शिक्षकों के सम्मान की लड़ाई लड़ता रहूंगा: डा.विनय
भाजपा से कभी टिकट के दावेदार रहे डा. विनय खंडेलवाल ने मंगलवार ने बिशप मंडल विद्यालय के परिसर में पहुंचे। यहां से अपने समर्थकों के साथ निर्दल प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा हूं। शिक्षकों के मान-सम्मान और हितों के लिए निरंतर प्रयास करता रहूंगा।
इन लोगों ने भी किया नामांकन
एसओएम शिक्षक महासभा के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में डा. राजेंद्र गंगवार ने सभा करने के बाद नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान रमेश चंद्र शर्मा, डा. छोटे लाल, डा. नंदन प्रसाद, वेद प्रकाश, तेज प्रताप, डा. वीर सिंह आजाद, डा. रमाकांत ठाकुर, रामसरन, अशोक कुमार, विनोद कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं, भाजपा प्रत्याशी डा. हरि सिंह के पुत्र हरेंद्र सिंह ढिल्लो ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्रों के जांच के बाद पिता के नामांकन पत्र वैध पाए जाने पर अपना नामांकन वापस लेंगे। वहीं, बिजनौर निवासी हाजी दानिश में मंगलवार को निर्दल प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
