बाराबंकी: आवास बनने के डेढ़ साल बाद भी नहीं मिली मनरेगा मजदूरी, बीडीओ ने जारी किया नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तत्कालीन सचिव पर गलत आवास आईडी फीडिंग का आरोप

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। विकास खण्ड देवा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना की फीडिंग में तत्कालीन सचिव की लापरवाही के चलते आवास मिलने के डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी मजदूर को मनरेगा की 90 दिन की मजदूरी नहीं मिली है। मजदूर ने इसकी शिकायत ब्लॉक से लेकर मनरेगा लोकपाल तक की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। मजदूर ने समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया, तो खंड विकास अधिकारी ने तत्कालीन सचिव को इस संबंध में नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

विकास खंड देवा के ग्राम पंचायत कोटवाकला की कोमल तिवारी ने समाधान दिवस में शिकायत करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में उसे प्रधानमंत्री आवास आवंटित किया गया था। आवास का निर्माण डेढ़ वर्ष पहले पूरा हो चुका है। आवास निर्माण में 90 दिन की मजदूरी मनरेगा योजना तहत मिलनी थी, जो नहीं दी गई। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब मजदूरी का पैसा नहीं मिला, तो उसने विकास खण्ड कार्यालय जाकर पता किया। 

वहां उसे मालूम हुआ कि आवास ऐप में यूपी 48 के स्थान पर यूपी 40  फीड कर दिया गया। जिसके चलते लाभार्थी की आवास आईडी प्रदर्शित नहीं हुई और उसे मनरेगा के तहत दिया जाने वाला मजदूरी का पैसा नहीं मिल सका। जिसके समाधान के लिए लाभार्थी ने ब्लॉक स्तर से लेकर मनरेगा लोकपाल तक की शिकायत की है, लेकिन अभी तक उसे मजदूरी का पैसा नहीं मिल सका है। 

लाभार्थी ने संपूर्ण समाधान दिवस में मामले की शिकायत की है खंड विकास अधिकारी डॉक्टर नेहा शर्मा से की। तब मामले का खुलासा हो सका। वहीं बीडीओ डॉक्टर नेहा शर्मा ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। तत्कालीन सचिव प्रगति कुमार श्रीवास्तव को नोटिस जारी कर इस संबंध में जवाब मांगा गया है। जल्द ही लाभार्थी को मनरेगा योजना के तहत मजदूरी का पैसा निर्गत किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Barabanki News : डीजल छिड़क खुद को आग लगाने वाली महिला की मौत

संबंधित समाचार