रुद्रपुर: क्या अधिकारी कर रहे महिला श्रमिकों के मरने का इंतजार

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। डॉल्फिन मजदूर संगठन के अध्यक्ष ललित कुमार ने कहा कि प्रशासन द्वारा गठित कमेटी के साथ कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों की वार्ता होनी थी। ताकि 21 नवंबर को बैठक में बनी वार्ता पर सहमति बन सके और आंदोलन स्थगित किया जा सके। उन्होंने बताया कि सुबह 12 बजे का समय दिया गया था, लेकिन देर सायं तक उन्हें वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया। इससे ऐसा लगता है कि अधिकारी महिला श्रमिकों के मरने का इंतजार कर रहे हैं।

रविवार को गांधी पार्क में वार्ता के दौरान संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 35 दिनों से चार महिलाएं क्रमिक अनशन में हैं। लगातार उनके स्वास्थ्य में गिरावट आ रही है। बावजूद प्रशासन और कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों को गंभीरता से विचार नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि विगत सायं विधायक शिव अरोरा भी 21 नवंबर को वार्ता में हुई मांगों पर सहमति की बात कर रहे थे। देर सायं एडीएम पंकज उपाध्याय के कार्यालय में कंपनी प्रबंधन के साथ सहमति को लेकर वार्ता होनी थी।

उन्होंने बताया कि वार्ता के लिए अपर जिलाधिकारी, डीएलसी, एएलसी मौजूद थे, लेकिन कंपनी प्रबंधन वार्ता को नहीं पहुंचे। इसके बाद श्रमिकों को रविवार को 12 बजे वार्ता करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन उन्हें वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया। इसको लेकर जब एएलसी मीनाक्षी भट्ट से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनके पास वार्ता की कोई सूचना नहीं है। इससे श्रमिकों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि अपनी सरकार होने के बावजूद क्या विधायक अरोरा भी कंपनी प्रबंधन को वार्ता की टेबल में बुलाने में असमर्थ हैं। इस अवसर पर संगठन के सलाहकार कैलाश भट्ट, उपाध्यक्ष सोनू कुमार, सुनीता आदि मौजूद रहे।

35वें दिन भी श्रमिकों का क्रमिक अनशन जारी

डॉल्फिन कंपनी सिडकुल पंतनगर में बुनियादी श्रम कानूनों को लागू कराने की मांग को लेकर श्रमिकों का 35 दिन भी आमरण अनशन जारी है। श्रमिकों ने मांगों पर कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। आंदोलिन श्रमिकों का कहना है कि कंपनी में कार्यरत चार स्थाई महिला मजदूर पिछले 35 दिनों से न्यायसंगत और सामान्य कानूनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठकर न्याय की गुहार लगा रहीं हैं।

बावजूद उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के महानगर अध्यक्ष सतपाल सिंह ठुकराल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष किरन पांडे विश्वास, सुरेंद्र, वीरेंद्र कुमार, पान मुहम्मद, दिनेश चंद्र, सुनीता, रामलली, रामबेटी, पिंकी, रचना, सुनीता, बिमला, रजनी,सोनू, बब्लू, सोमपाल, राजू लाल, सुरेश, सुनील समेत कई श्रमिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें - रुद्रपुर: हत्याकांड के छठे आरोपी की तलाश में रामपुर में दबिश

संबंधित समाचार