बरेली: कांग्रेस प्रत्याशी मेहंदी हसन समेत पांच ने कराया नामांकन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिये बुधवार को कांग्रेस के मेहंदी हसन समेत पांच उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी ने अपने प्रस्तावकों के साथ कमिश्नरी में अपर आयुक्त न्यायालय में सहायक रिटर्निंग अफसर अरुण कुमार के समक्ष पर्चे दाखिल किये। नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार ने दावेदारों …

बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिये बुधवार को कांग्रेस के मेहंदी हसन समेत पांच उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी ने अपने प्रस्तावकों के साथ कमिश्नरी में अपर आयुक्त न्यायालय में सहायक रिटर्निंग अफसर अरुण कुमार के समक्ष पर्चे दाखिल किये। नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार ने दावेदारों के आने के दौरान व्यवस्था संभाली।

चौकी चौराहे के पास एक काम्प्लेक्स से लेकर कमिश्नरी गेट तक पूर्वाह्न 11 से 3 बजे तक यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया। नेताओं के वाहनों को सेठ दामोदर स्वरूप पार्क के पास पार्क कराया गया।

सुभाष चंद्र शर्मा और पीयूष सिंह राठौर ने निर्दलीय पर्चा दाखिल किया। आम आदमी पार्टी के डा. महताब अली ने भी नामांकन कराया। राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री रहे एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े शिक्षक संगठन राष्ट्रीय महासंघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य आशुतोष शर्मा ने भी निर्दलीय पर्चा भरा। चुनाव में किस्मत अजमाने को 25 लोगों ने पर्चे खरीदे हैं।

बीआरएस लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं आशुतोष शर्मा
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में आशुतोष शर्मा बीआरएस लेकर चुनावी मैदान में उतरे हैं। वह राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री रहे। वह आरएसएस से जुड़े शिक्षक संगठन राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। वित्तविहीन स्कूल में कार्य कर चुके हैं।

नामांकन से पहले मेहंदी हसन ने बताईं प्राथमिकताएं
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक से कांग्रेस के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मेहंदी हसन ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन जुलूस में बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर आदि क्षेत्रों के जिला कांग्रेस अध्यक्ष और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ-साथ इन जिलों के कालेजों से शिक्षक भी पहुंचे थे। नामांकन दाखिल करने से पूर्व पीलीभीत बाईपास रोड पर एक मैरिज हाल में सभा हुई। इसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने की। संचालन जिला उपाध्यक्ष दिनेश दद्दा ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं बरेली-मुरादाबाद मंडल के प्रभारी ब्रह्म स्वरूप सागर ने सभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याएं पार्टी की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू लगातार उठा रहे हैं। एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मेहंदी हसन ने प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि वह वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को ट्रेजरी से एक निश्चित भत्ता दिलाने, पुरानी पेंशन योजना को बहाल कराने, अल्पसंख्यक विद्यालयों में भर्ती की पुरानी प्रथा लागू कराएंगे।

इस दौरान पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, प्रदेश कांग्रेस सचिव जितेंद्र कश्यप, चौधरी असलम मियां, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला, प्रोफेसर अलाउद्दीन खान, जिला कांग्रेस महासचिव प्रोफेसर चारु मल्होत्रा, प्रोफेसर नीतू मेहरोत्रा, प्रधानाचार्य एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज मेजर जावेद खालिद, एफआर इस्लामिया कॉलेज के प्रवक्ता काजी फरहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवाब मुजाहिद हसन खां, नरेंद्र पाल गंगवार, जिला प्रवक्ता जिया उर रहमान, वसीम अकरम, ओंकार सिंह, इसरार अहमद, तकमीन हसन खां, हरप्रीत सिंह, ओंकार सिंह कटारिया, जुनेद हसन एडवोकेट, हेमेंद्र शर्मा एडवोकेट आदि शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार