शाहजहांपुर: गन्ना रिजेक्ट होने से आक्रोशित किसान ने चीनी मिल में काटा हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किसान और उसके साथियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने के प्रयास का लगाया आरोप

तिलहर, अमृत विचार।  सूखा गन्ना रिजेक्ट करने पर किसान सहकारी चीनी मिल कांटे पर किसान ने जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे मामले को शांत किया। चीनी मिल अधिकारियों ने किसान और उसके साथियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास करने व जान से करने की धमकी देने का आरोप लगाया। मुख्य गन्ना अधिकारी (सीसीओ) ने आरोपी किसान एवं उसके साथियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने एवं जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी।
 
सीसीओ दमिनेश कुमार राय ने बताया कि मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किसान सट्टे की पर्ची पर गन्ना चीनी मिल में लेकर आया था। कांटे पर तौल के दौरान जीएम जंग बहादुर यादव व मुख्य गन्ना अधिकारी दमिनेश कुमार राय ने गन्ने की जांच की, तो गन्ना सूखा था और उसमें अगौला व पत्तियां भी थीं। इस कारण अधिकारियों ने गन्ना रिजेक्ट कर दिया। इतना सुनते ही किसान भड़क गया और अधिकारियों को गन्ना बेहतर होने की दलीले देते हुए गन्ना तुलवाने पर अड़ा रहा। तौल कांटे पर विवाद होते देख तमाम लोग आ गए। मिल अधिकारियों का आरोप है कि जब किसान को चीनी मिल गेट पर घुसने से रोका गया तो उसने अपने दो साथियों के साथ गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वह लोग बाल-बाल बच गए। सीसीओ ने बताया कि इसी दौरान चीनी मिल के सुरक्षाकर्मी आ गए ,जिन्हें देखकर सोनी ने ट्रैक्टर तो रोक लिया लेकिन उन्हें व जीएम जंग बहादुर को जान से मारने की धमकी दी। सीसीओ की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। सीसीओ ने बताया कि आरोपी किसान और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तिलहर कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार