बदायूं: छुट्टा पशुओं का आतंक जारी...खेत से लौट रहे किसान की सांड के हमले से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 शनिवार देर शाम खेत से वापस लौटते समय गांव के पास सांड़ ने किया था हमला

बदायूं, अमृत विचार। सांड की वजह से आए दिन किसानों की मौते हो रही हैं लेकिन अभी तक समस्या का निस्तारण नहीं हो पाया है। दातागंज क्षेत्र निवासी एक किसान की भी सांड के हमले में जान चली गई। शनिवार को खेत पर फसल की रखवाली करके वापस लौट रहे किसान पर सांड ने हमला कर दिया। किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने किसान को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां रात लगभग दो बजे किसान की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव रोहरी निवासी रामनिवास (52) पुत्र चिरौंजी लाल शनिवार देर शाम फसल की रखवाली के लिए खेत पर गए थे। रात लगभग आठ बजे खेत से वापस लौट रहे थे। गांव के कुछ ही पहले सांड ने अचानक उनपर हमला कर दिया। वह चिल्लाए। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे। लाठी लेकर सांड को भगाकर रामनिवास को बचाया। सूचना मिलने पर परिजन पहुंच गए। घायल को दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया। रामनिवास को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से परिजनों ने रामनिवास को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां आधी रात रामनिवास की मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जहां ग्रामीणों ने बताया कि रामनिवास की शादी नहीं हुई थी। वह बहुत धार्मिक प्रवृत्ति के थे। गांव और आसपास के क्षेत्र में सांड़ का आतंक है। कई बार मांग करने के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं किया गया है। वहीं मौत के बाद परिजनों कोहराम मचा है।

संबंधित समाचार