Kanpur: पिता ने डांटा तो बेटे ने दी जान, फंदे पर शव लटकता देख गर्भवती पत्नी की हालत बिगड़ी, अस्पताल में बच्चे को दिया जन्म
कानपुर, अमृत विचार। मामा के घर सामान देकर लौटने में हुई देरी के कारण पिता ने बेटे को डांट दिया। इससे क्षुब्ध होकर उसने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। इस दौरान गर्भवती पत्नी उसे बुलाने आई जहां फांसी के फंदे पर लटकता शव देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद पत्नी की हालत बिगड़ गई। कुछ परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां कुछ देर बाद उसने एक बच्चे को जन्म दिया। वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर पूछताछ की।
नरवल थानाक्षेत्र के दीपापुर गांव निवासी रामसिंह का 25 वर्षीय पुत्र वीरू यादव खेती किसानी करता था। वह इकलौता था वही बहन रूबी की शादी हो चुकी है। इसके अलावा घर पर मां विमला और फतेहपुर के गांव रासूपुर निवासिनी अंकिता पत्नी है। पारिवारिक चाचा अजय ने बताया कुछ दिन पहले साढ़ थानाक्षेत्र के गुगरा गांव निवासी मामा का निधन हो गया था। जिसको लेकर वीरू मामी को कुछ सामान देने गया था। बताया कि वहां से वापसी करने में देरी हो गई। जिस पर पिता रामसिंह ने वीरू और उसकी पत्नी अंकिता को डांट दिया।
इसके बाद अंकित अपनी सास विमला के साथ छत पर चली गई वहीं रामसिंह अपने काम से चले गए। इस दौरान वीरू अपने कमरे में गया और दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद गर्भवती पत्नी अंकिता उसे बुलाने कमरे में गई। जहां उसका शव फंदे पर लटक रहा था। जिस पर उसकी पत्नी चीख पड़ी और उसकी हालत बिगड़ने लगी। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य दौड़े और कमरे पर पहुंचे। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची नरवल पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के साथ घटना के कारणों की वजह पूछी। उधर रविवार रात वीरू की गर्भवती पत्नी अंकिता की हालत बिगड़ने लगी और तेज दर्द होने लगा। इस पर लोग उसे सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां महिला ने नवजात बेटे को जन्म दिया। परिजनों ने बताया कि 13 फरवरी 2024 को वीरू और अंकिता की शादी हुई थी। नरवल पुलिस का कहना है, कि परिजनों का किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है।
मिट्टी में मिल गए सपने
परिजनों ने बताया कि वीरू पत्नी के गर्भवती होने के बाद बहुत खुश था। बच्चे की परवरिश से लेकर क्या बनाना है, उसको लेकर पत्नी अंकिता से आए दिन चर्चा करता रहता था। लेकिन सारे पहले ही मिट्टी में मिल गए। डांट से क्षुब्ध होकर उसने जान दे दी और इस गम में पत्नी की बिगड़ी हालत के बाद बेटे को जन्म दिया। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं।
