लखीमपुर खीरी: बदमाशों ने महिला से की लूट की कोशिश, राहगीरों ने खदेड़ा तो भागे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजुआ/ लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना भीरा क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने गुलरिया स्टटे बैंक से वापस घर जा रही एक महिला को रास्ते में रोक लिया। उससे लूटपात करने लगे। विरोध करने पर महिला को धक्का मारकर गिरा दिया। शोर होने पर राहगीरों के खदेड़ने पर बदमाश भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 

थाना भीरा क्षेत्र के गांव रुद्रपुर निवासी खेमकरन की पत्नी सुमिरता गुलरिया स्थित एसबीआई बैंक शाखा आई थी। वह दोपहर बाद अपने घर जा रही थी। गांव पहुंचने से पहले ही पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आ गए और उसे रोक लिया। उसकी नाक से सोने का फूल निकालने लगे। उसने जब शोर-शराबा करते हुए विरोध किया तो बदमाशों ने धक्का देकर उसे गिरा दिया। 

छीना झपटी में नाक का फूल भी मौके पर कहीं गिर गया। शोर करने पर राहगीर मौके की तरफ दौड़े तो दोनों बदमाश बाइक समेत भाग निकले। हालांकि कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महिला से जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपार्ट दर्ज की गई है। पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही पहचान कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: बाघ ने नौ साल की मासूम को दबोचा, बुआ के साथ गई थी खेत पर

संबंधित समाचार