Bareilly: बारिश के लिए हो जाओ तैयार...48 घंटे तक चलेंगी तेज हवाएं, अलर्ट जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: जिले के मौसम में एक बार फिर से बदलाव होगा। मौसम विभाग ने 48 घंटे तक तेज हवाएं चलने के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अलर्ट जारी किया है। इसकी वजह से 8 और 9 दिसंबर को बूंदाबांदी या हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे ठंड बढ़ सकती है। गुरुवार को भी तेज पछुआ हवाएं चलने की वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास हुआ।

मौसम विभाग ने तीन दिनों तक तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया था। तेज हवाएं चलने की वजह से गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम 23.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक सप्ताह में दिन और रात के तापमान गुरुवार को सबसे कम रहे हैं। अब तक अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 10 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किए जा रहे थे।

मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तेज पछुआ हवाओं के आगामी 48 घंटों तक जारी रहने के कारण तापमान में थोड़ी और गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी दिशा से उत्तर-पश्चिमी भारत की ओर बढ़ रहे एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के 8-9 दिसंबर के दौरान प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने की संभावना है। इसकी वजह से कहीं कहीं बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- Bareilly: युवाओं पर मंडरा रहा योलो का साया, कम उम्र वाले हो रहे शिकार...बना देता है ये कर्जदार

संबंधित समाचार