बलरामपुर अस्पताल में 20 दिन से खराब पड़ा ऑक्सीजन प्लांट, अब भरना होगा लाखों का जुर्माना

जंबो सिलेंडर से हो रही आपूर्ति

बलरामपुर अस्पताल में 20 दिन से खराब पड़ा ऑक्सीजन प्लांट, अब भरना होगा लाखों का जुर्माना

लखनऊ, अमृत विचार: बलरामपुर अस्पताल के दोनों ऑक्सीजन प्लांट करीब 20 दिनों से खराब है। संबंधित कंपनी निर्धारित कार्य दिवस में प्लांटों को ठीक नहीं करा सकी है। तय कार्य दिवस में प्लांट ठीक न होने से अस्पताल प्रशासन ने कंपनी पर जुर्माना लगाने की संस्तुति की है। वहीं, कंपनी के जिम्मेदारों का कहना है प्लांट मरम्मत का कार्य चल रहा है। शनिवार तक प्लांट चलने लगेंगे।

बलरामपुर अस्पताल 780 बेड की क्षमता का अस्पताल है। यहां पर दो ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं। दोनों प्लांटों को खराब हुए 20 दिन से अधिक हो गए हैं। प्लांट मरम्मत कराने की जिम्मेदारी सायरेक्स कंपनी की है। शुक्रवार को प्लांट मरम्मत के लिए कर्मचारी लगे थे, लेकिन देर शाम तक प्लांट शुरू नहीं हो सका। इससे आईसीयू, इमरजेंसी, टीबी वार्ड, बाल रोग विभाग, न्यूरो सर्जरी समेत अन्य विभागों में जंबो सिलेंडर से ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। आरोप है कंपनी तय कार्यदिवस में दोनों प्लांट को ठीक नहीं कर पाई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी के मुताबिक, कंपनी तय कार्य दिवस में प्लांट ठीक नहीं कर पाई है। ऐसे में जुर्माना लगाने की संस्तुति की गई है। वहीं सायरेक्स कंपनी के मैनेजर अजय वर्मा ने बताया कि प्लांट मरम्मत के लिए टीमें लगी हैं।

दो माह पहले ठीक करने में लगाये थे 45 दिन
सायरेक्स कंपनी ने दो माह पहले खराब हुए प्लांट को ठीक करने में करीब 45 दिन लगाए थे। प्लांट ठीक होने में करीब लाखों रुपए खर्च हुए थे। एक साल में बड़े प्लांट की मरम्मत के नाम पर अभी तक 30 लाख से अधिक राशि खर्च हो चुकी है। जबकि इतनी ही लागत छोटे प्लांट में भी आ चुकी है। कंपनी हर साल लाखों रुपए मरम्मत के नाम पर ले रही है। इसके बाद भी प्लांट एक दो माह बाद फिर ठप हो रहे हैं।

यह भी पढ़ेः KGMU में भर्ती मरीज को पहुंचा दिया निजी अस्पताल, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

ताजा समाचार