बाराबंकी: 51 उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापेमारी, खाद के 23 नमूने लेकर आठ को नोटिस
बाराबंकी, अमृत विचार। उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कृषि विभाग की अलग-अलग टीमों ने बिक्री केंद्रों की जांच की। इस दौरान 51 उर्वरक बिक्री केंद्रों की जांच कर 23 नमूने लिए गए और आठ उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
तहसील क्षेत्र हैदरगढ़ में उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने पांच दुकानों की जांच कर दो नमूने लिए। तहसील नवाबगंज व सिरौलीगौसपुर में जिला कृषि अधिकारी राजितराम ने 18 दुकानों की जांच कर 10 नमूने लिए। तहसील फतेहपुर में जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने 10 दुकानों की जांच कर पांच नमूने लिए। मां शारदा खाद भंडार अलीपुर कुर्सी रोड और जय मां दुर्गा खाद भंडार टिकैतगंज को प्रतिष्ठान बंद मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। तहसील रामसनेहीघाट में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए प्रीतम सिंह ने 10 दुकानों की जांच कर तीन नमूने लिए और नरायन फर्टिलाइजर्स भिटरिया, वर्मा कृषि सेवा केंद्र भानुपर कोठी, रामा ट्रेडर्स महुलारा एवं प्रिंस खाद भंडार देवीगंज का प्रतिष्ठान बंद मिलने पर नोटिस जारी किया गया।
तहसील रामनगर में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए दीक्षा मिश्रा ने आठ दुकानों की जांच कर तीन नमूने लिए। आशुतोष कृषि सेवा केंद्र गनेशपुर और सिंह ट्रेडर्स बिंदौरा को नोटिस जारी किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिये कि अपने अपने प्रतिष्ठान पर रेट व स्टाक बोर्ड जरूर लगाकर रखें। साथ ही पीओएस मशीन से किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक दें। निर्देशों का पालन न करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बाराबंकी में कौन बनेगा बीजेपी का अगला अध्यक्ष? नेताओं ने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक की शुरू की दौड़
