Video viral : विद्यालय में शिक्षक ने अभिभावक पर किया चाकू से हमला
छात्रा की पिटाई की शिकायत करने पहुंचा था बड़ा भाई, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
बाराबंकी, अमृत विचार : सरकारी विद्यालय में छात्रा की पिटाई का विरोध करने पहुंचे अभिभावक पर एक शिक्षक ने चाकू से हमला कर दिया। अभिभावक ने भाग कर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। मामले का पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
सुबेहा थाना क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकरहुंआ में एक छात्रा की पिटाई पर शनिवार को उसका बड़ा भाई शिकायत करने पहुंचा था। अभिभावक का आरोप है कि शिकायत से शिक्षक नाराज होकर शिक्षक गाली गलौच करने लगा और फिर बढ़ते विवाद के बीच वह चाकू निकाल कर हमलावर हो गया। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में बच्चे की पिटाई से नाराज बड़ा भाई दोबारा ऐसा न करने की हिदायत शिक्षक को देता हुआ नजर आ रहा है। छात्रा के बड़े भाई का आरोप है कि इसी बात पर शिक्षक गाली गलौच करने लगा और अचानक जेब से चाकू निकाल कर उसपर हमला कर दिया। जिस पर लोगों ने बीच बचाव कर उसकी जान बचाई।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि विद्यालय में शिक्षक और अभिभावक के बीच विवाद की शिकायत मिली थी। मामले में ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप पर दोनों पक्षों में सुलह हो गया था और थाने पर कोई शिकायत नहीं मिली थी। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि मामले में अभिभावकों ने कोई शिकायत नहीं की थी। वायरल वीडियो का पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर शिक्षक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं बीएसए संतोष कुमार देव पाण्डेय ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर खंड शिक्षाधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं।
यह भी पढ़ें-Barabanki Road Accident : आमने-सामने भिड़ंत में ट्रक व डीसीएम के उड़े परखच्चे, सड़क पर फैला आलू
