लखीमपुर खीरी: गुरुद्वारे में ग्रंथी के बेटे ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
परिजन बोले-नशे का आदी थी, बीमार भी रहता था जसविंदर सिंह
मैलानी, अमृत विचार। रविवार शाम खाले कॉलोनी गुरुद्वारे में ग्रंथी के पुत्र ने तमंचे से खुद के सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मैलानी के जंगलात वार्ड नंबर 3 वन विभाग कार्यालय के पास गुरुद्वारा में सतविंदर सिंह ग्रंथी है, जो गुरुद्वारा में ही परिवार के साथ रहते हैं। उनके पुत्र जसविंदर सिंह (25) ने घर में ही शाम 5.30 बजे सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली सीने में दाहिनी तरफ लगी और सीना चीरती हुई पार हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिवार में हड़बड़ी मच गई। मृतक की मां हरजिंदर कौर ने थाना में दी तहरीर में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र नशे का आदी था। बीमार भी रहता था। उसने अज्ञात कारणों से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटनास्थल पर मिला तमंचा पुलिस ने कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। गोली लगने का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। सीओ गोला गवेंद्रपाल गौतम ने पहुंचकर मौका मुआयना किया है।
