Lucknow Road Accident : तेज रफ्तार पिकअप चालक ने लगाया ब्रेक, पीछे से टकराई Santro Car, हादसे में पिता-पुत्री की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : पारा थाना अंतर्गत विक्रमनगर फ्लाई ओवर पर रविवार दोपहर टाइल्स लेकर जा रहे पिकअप चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दिया। जिससे पीछे चल रही सेंट्रो कार पिकअप में टकरा गई। इस दुर्घटना में सेंट्रो सवार हर्षवर्धन सिंह (35) और उनकी बेटी बेदी (03 माह) की मौत हो गई। जबकि, कार में सवार पत्नी और बड़ी बेटी खतरे से  बाहर बताई जा रही है। परिजनों ने पिकप चालक के खिलाफ पारा थाने में लिखित शिकायत देते हुए सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मूलरुप से सीतापुर जनपद निवासी विजय वीर विक्रम सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई हर्षवर्धन सिंह उर्फ सूरज आशियाना के पावर हाउस चौराहा के समीप पराग में पत्नी कोमल और दो बेटी आनमिका (05) व बेदी (03 माह) के साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर भाई हर्षवर्धन सपरिवार अपनी सेंट्रो कार से एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हरदोई  जा रहा था। लिखित शिकायत में पीड़ित ने बताया कि विक्रमनगर फ्लाई ओवर ब्रिज पर पीछे से आ रही टाइल्स लदी तेज रफ्तार पिकअप ने सेंट्रो को ओवरटेक किया। इसके बाद पिकअप चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दिया। जिससे भाई हर्षवर्धन की कार पिकअप में पीछे से जा घुसी। बताया कि दुर्घटना में हर्षवर्धन व उसका परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कार का अगला हिस्सा काटकर घायलों को बाहर निकाल कर लोकबंधु अस्पताल में पहुंचाया।

जहां डॉक्टरों ने हर्षवर्धन उसकी तीन माह की बेटी बेदी को मृत घोषित कर दिया। जबकि, पत्नी कोमल बेटी अनामिका का इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि हर्षवर्धन के बड़े भाई विजय वीर विक्रम सिंह की लिखित शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से भाग निकला है। उनकी तलाश में चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Barabanki News : टाइम सिटी ग्रुप के चेयरमैन सहित दो लोगों को पुलिस ने भेजा जेल

 

संबंधित समाचार