नैनीताल: सर्द हुई सरोवर नगरी...पारा गिरने के साथ छाई धुंध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मौसम में बदलाव से बढ़ी ठिठुरन, गर्म कपड़ों की खरीददारी बढ़ी

नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी का मौसम रविवार को बदल गया। सुबह से धुंध छाई रही तो तापमान गिरने से ठिठुरन बढ़ गई। स्थानीय लोगों सहित सैलानी ठंड से बचते देखे गए, जिसके चलते नगर में चहल-पहल काफी कम देखने को मिली।
 
ठंड से बचाव के लिए लोगों को गर्म कपड़ों व अलाव का सहारा लेना पड़ा। पंत पार्क फड़ बाजार, माल रोड व भोटिया बाजार से लोगों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी की। वहीं, मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में ठंड में और इजाफा होने का अनुमान जताया है। मौसम में अचानक आए बदलाव से लोगों को इस वर्ष भी बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि अभी जब तक बारिश नहीं होती है, तब तक हिमपात की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम केंद्र जीजीआईसी के अनुसार रविवार को नगर में अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

दो वर्षों से हिमपात नहीं होना चिंताजनक
बीते दो वर्षों से नगर में हिमपात नहीं होना चिंताजनक बना है। मौसम के जानकारों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन का खासा असर नैनीताल में भी दिखाई दे रहा है, जिसके चलते बर्फबारी में देरी हो रही है। दरअसल, नैनीताल के अस्तित्व नैनी झील के भविष्य के लिए हिमपात बहुत जरूरी है। वहीं, पर्यटन की नजर से भी हिमपात जरूरी है। दिसंबर से फरवरी तक नैनीताल में ठंड काफी होती है ऐसे में केवल बर्फबारी का आनंद लेने सैलानी पहुचंते थे लेकिन बीते वर्ष भी बर्फबारी नहीं हुई थी। ऐसे में अगर इस वर्ष भी हिमपात नहीं होता है तो यह नैनीताल के भविष्य के लिए चिंताजनक हो सकता है।

संबंधित समाचार