संविधान को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं राहुल गांधी : अलका लांबा का दावा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में बनाये गये संविधान के खतरे में होने का दावा करते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसे बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। लांबा ने लखनऊ में रविवार को 'नारी न्याय सदन सम्मान समारोह' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ''आज बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का संविधान खतरे में है। हमारे नेता राहुल गांधी संविधान को बचाने के लिए सड़क से सदन (संसद) तक पूरी ताकत से लड़ाई लड़ रहे हैं। अगर संविधान को नुकसान पहुंचाया गया तो देश की आधी आबादी भी खतरे में आ जाएगी।'' 

उन्होंने यह भी कहा, ''बाबा साहेब के संविधान ने इस देश की महिलाओं को पुरुषों के बराबर खड़े होने का अधिकार दिया और अगर वह संविधान नहीं रहा तो वे अधिकार भी खत्म हो जाएंगे।'' लांबा ने कहा, ''कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के हितों की पक्षधर रही है। राजीव गांधी ने नगर निगम चुनावों में महिलाओं को आरक्षण दिया जिसके परिणामस्वरूप आज देश की लाखों महिलाएं पंच, सरपंच, पार्षद और महापौर के पदों पर हैं।'' 

उन्होंने कहा, ''हमारी नेता प्रियंका गांधी ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ी है। जब दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाली देश की बेटियां दिल्ली के जंतर-मंतर पर भाजपा के एक बलात्कारी पूर्व सांसद के खिलाफ धरने पर बैठी थीं, तो प्रियंका गांधी ने उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष किया। हर कदम पर उन्हें भरोसा दिलाया कि डरो मत और अपने अधिकारों के लिए लड़ो।'' 

लांबा ने कहा, ''इतना ही नहीं, जब देश की बेटी विनेश फोगाट के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ गलत हुआ, तो कांग्रेस ने उन्हें पार्टी का उम्मीदवार बनाया और आज विनेश (हरियाणा विधानसभा) चुनाव जीतकर महिलाओं की एक मजबूत आवाज हैं।'' उन्होंने कहा, ''महिला कांग्रेस के निर्देश पर 15 सितंबर 2024 से पूरे देश में महिला कांग्रेस द्वारा सदस्यता अभियान शुरू किया गया जिसमें उत्तर प्रदेश में महिला सदस्यता अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिली। इसके तहत अधिकतम सदस्यता प्राप्त करने वाली महिलाओं और महिला कांग्रेस की सदस्यता लेने वाली महिलाओं का मनोबल बढ़ाने के लिए "नारी न्याय सदस्य सम्मान समारोह" कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।'' 

कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में 'नारी न्याय सदस्य सम्मान समारोह' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बयान के मुताबिक राय ने इस अवसर पर कहा, ''महिलाओं को आगे आकर अपनी हिस्सेदारी और भागीदारी के लिए लड़ना होगा। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि लड़ाई में जहां भी आपको मेरी और मेरी पार्टी की जरूरत होगी, मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूंगा। आप सभी कांग्रेस पार्टी की सदस्य हैं, आप सभी राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जी के परिवार की सदस्य हैं।'' 

राय ने कहा, "बटेंगे तो कटेंगे की राजनीति करने वाली भाजपा इस देश के संविधान की मूल भावना का अपमान करती है। ये लोग भारत के लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष चरित्र को नष्ट करना चाहते हैं। लेकिन हम कांग्रेस के लोग उनके नापाक मंसूबों को नाकाम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''  

 

संबंधित समाचार