सिर्फ वन लाइनर पढ़ना काफी नहीं, ऐसे करें करंट अफेयर्स की तैयारी 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अगस्त से आने वाले महीनों में SSC, बैंकिंग, रेलवे, शिक्षक भर्ती और विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन होना है। ऐसे में अभ्यर्थी करंट अफेयर्स की तैयारी को लेकर काफी गंभीर हैं। इंटरनेट पर उपलब्ध वन लाइनर करेंट अफेयर्स पीडीएफ को डाउनलोड कर बड़ी संख्या में उम्मीदवार रिवीजन शुरू कर देते हैं। ये नोट्स कम समय में महत्वपूर्ण तथ्यों को याद करने में मदद जरूर करते हैं, लेकिन क्या केवल वन लाइनर पढ़ना पर्याप्त है? दरअसल, बेहतर तैयारी के लिए करंट अफेयर्स को समझना और उसके बाद वन लाइनर से रिवीजन करना ज्यादा प्रभावी रणनीति मानी जाती है।

क्या है वन लाइनर करंट अफेयर्स

वन लाइनर करंट अफेयर्स में देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं को संक्षिप्त रूप में प्रस्तुत किया जाता है। इसमें नियुक्तियां, पुरस्कार, सरकारी योजनाएं, खेल, महत्वपूर्ण दिवस, रिपोर्ट, आर्थिक घटनाक्रम, रक्षा सौदे और राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाओं से जुड़े जरूरी तथ्य शामिल होते हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि अभ्यर्थी कम समय में बड़ी संख्या में तथ्यों का दोहराव कर सकते हैं।

केवल वन लाइनर याद करना क्यों पर्याप्त नहीं

कई उम्मीदवार करंट अफेयर्स की तैयारी के दौरान केवल वन लाइनर नोट्स को याद करने पर निर्भर हो जाते हैं। यही उनकी तैयारी की सबसे बड़ी कमजोरी बन सकती है। वन लाइनर में किसी घटना का सिर्फ महत्वपूर्ण तथ्य दिया जाता है, जबकि उसके पीछे की वजह, पृष्ठभूमि और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी नहीं होती। प्रतियोगी परीक्षाओं में कई बार प्रश्न सीधे तथ्य पर आधारित होने के बजाय किसी घटना के संदर्भ, संबंधित संस्था, रिपोर्ट या स्थान से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे सवालों का उत्तर देने के लिए विषय की बुनियादी समझ जरूरी होती है।

करंट अफेयर्स पढ़ने का सही तरीका

सबसे पहले रोजाना महत्वपूर्ण करंट अफेयर्स को विस्तार से पढ़ें। किसी घटना से जुड़े तथ्य के साथ यह भी समझने की कोशिश करें कि वह खबर क्यों महत्वपूर्ण है। इसके बाद सप्ताह के अंत में पूरे सप्ताह की घटनाओं का रिवीजन करें। महीने के अंत में मंथली करंट अफेयर्स के जरिए दोबारा सभी महत्वपूर्ण विषयों को दोहराएं।

परीक्षा नजदीक आने पर वन लाइनर करेंट अफेयर्स आपके लिए सबसे उपयोगी रिवीजन टूल बन सकता है। इससे कम समय में महत्वपूर्ण फैक्ट्स को तेजी से दोहराया जा सकता है।

किन परीक्षाओं में उपयोगी हैं वन लाइनर

SSC, रेलवे, बैंकिंग, पुलिस भर्ती, शिक्षक भर्ती, राज्य लोक सेवा आयोग और अन्य ऑब्जेक्टिव परीक्षाओं में वन लाइनर करेंट अफेयर्स काफी उपयोगी होते हैं। खासकर परीक्षा से पहले त्वरित रिवीजन के लिए इनका इस्तेमाल किया जा सकता है। 

 

संबंधित समाचार