बरेली: किसान सम्मान निधि के लिए नहीं काटने होंगे चक्कर, ऐसे पता करें सूची में अपना नाम
बरेली,अमृत विचार। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की सूची में नाम है या नहीं, लाभार्थी पात्र है या अपात्र, खाते में कितनी किस्तें पहुंचीं, ऐसी तमाम दिक्कतें किसानों को झेलनी पड़ती हैं। आए दिन इन समस्याओं को लेकर वे अफसरों के दफ्तर के चक्कर काटते थे। ऐसे में अब सरकार ने सहूलियत देने के मकसद से …
बरेली,अमृत विचार। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की सूची में नाम है या नहीं, लाभार्थी पात्र है या अपात्र, खाते में कितनी किस्तें पहुंचीं, ऐसी तमाम दिक्कतें किसानों को झेलनी पड़ती हैं। आए दिन इन समस्याओं को लेकर वे अफसरों के दफ्तर के चक्कर काटते थे। ऐसे में अब सरकार ने सहूलियत देने के मकसद से योजना के लाभार्थियों की सूची ऑनलाइन कर दी गई है।
किसान या उसके परिवार का कोई भी सदस्य घर बैठे कृषि विभाग की वेबसाइट पर ये जानकारी ले सकेंगे कि उनका नाम लाभार्थियों की सूची में शामिल है या नहीं। इसके लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे।
किसान सम्मान निधि योजना फरवरी 2019 में शुरू हुई थी। इसके तहत पात्र किसानों को प्रति वर्ष तीन किस्तों में छह हजार रुपये मिलते हैं। जिले में चार लाख से अधिक किसान इसके तहत पंजीकृत हैं। योजना के तहत लघु व सीमांत किसानों को साल में दो-दो हजार रुपये तीन किस्तों में मिलते हैं लेकिन इसमें सबसे बड़ी दिक्कत यह है कई किसान यह जानने के लिए कि उनका नाम सूची में है या नहीं, वह कार्यालयों के चक्कर काटते थे। फिर भी उनकी समस्या का समाधान नहीं होता था। अब लाभार्थियों की सूची ऑनलाइन कर दी गई है।
अफसरों के मुताबिक, किसान मोबाइल एप पर कृषि विभाग की वेबसाइट लॉग इन कर यह जानकारी ले सकते हैं कि वे लाभार्थी हैं या नहीं। इतना ही नहीं अगर समस्या का समाधान संबंधित लेखपाल व जिला कृषि अधिकारी स्तर पर नहीं होता है तो केंद्रीय कृषि मंत्रालय से जारी हेल्पलाइन नंबर 155261 या 1800115526 टोल फ्री नंबर पर भी किसान संपर्क कर सकते हैं।
मोबाइल पर ऐसे लें जानकारी
किसान को एंड्रायड फोन पर पहले पीएम किसान डॉट जीओवी डॉट इन वेबसाइट पर लॉगइन करना होगा। फिर आधार नंबर, एकांउट नंबर व मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद लाभार्थियों की सूची खुल जाएगी और पता चल जाएगा कि संबंधित किसान लाभर्थियों की सूची में शामिल है या नहीं। इतना ही नहीं अगर आप प्रधानमंत्री किसान किसान योजना के तहत पंजीकृत हैं तो सही विवरण डालने पर अब तक सरकार की ओर से भेजी गई सभी किस्तों की जानकारी मिल जाएगी। इस व्यवस्था से काफी हद तक किसानों को सहूलियत मिलेगी।
