शाहजहांपुर: खाद्यान्न कालाबाजारी में कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पूर्ति निरीक्षक की जांच में शून्य मिला स्टाक, 64.98 कुंटल की पाई गई कालाबाजारी
निगोही, अमृत विचार। गांव चन्यौरा के कोटेदार श्यामाचरण के खिलाफ पूर्ति निरीक्षक प्रदीप कुमार ने खाद्यान्न कालाबाजारी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोटेदार पर आरोप है कि 64.98 कुंटल की कालाबाजारी की और इस तरह कोटेदार द्वारा चन्यौरा के कार्ड धारकों का खाद्यान्न डकारा जा रहा था। अब रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि 12 सितंबर को उचित दर विक्रेता की दुकान का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जहां दुकान पर रेट बोर्ड, स्टाक बोर्ड, टोल फ्री नंबर और अंत्योदय कार्डधारकों की सूची प्रदर्शित नहीं पाई गई और दुकान पर स्टाक भी शून्य पाया गया। जबकि विक्रेता की दुकान पर निरीक्षण की तिथि में ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार अगस्त माह के खाद्यान्न का अवशेष स्टाक, सितंबर माह के पूर्ण आवंटन के अनुसार खाद्यान्न अक्टूबर माह के लिए उठान किया गया। विक्रेता के स्टाक में अंत्योदय चावल 3.96 कुंटल, गेहूं 2.59 कुंटल, पात्र गृहस्थी चावल 33.48 कुंटल, गेहूं 22.51 कुंटल, चीनी 27 कुंटल, अंत्योदय बाजरा 14 किलोग्राम, पात्र गृहस्थी बाजरा 2.03 कुंटल खाद्यान्न उपलब्ध होना चाहिए था, लेकिन इन आवश्यक वस्तुओं का स्टाक शून्य पाया गया। आरोप है कि इस प्रकार कोटेदार श्यामाचरण द्वारा गेहूं 25.10 कुंटल, चावल 37.44 कुंटल, बाजरा 2.17 कुंटल,चीनी 0.27 कुंटल, कुल खाद्यान्न 64.98 कुंटल की कालाबाजारी की गई है। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। जिसकी विवेचना अपराध निरीक्षक जुगल किशोर पाल को सौंपी गई है।
