बदायूं: शादी वाले दिन लापता हो गया दूल्हा, रिश्तेदार के घर मिली बाइक...जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सोमवार शाम होनी थी शादी, कपड़े खरीदने की बात कहकर सुबह चला गया युवक

विजय नगला/बिनावर, अमृत विचार। शादी वाले दिन दुल्हा लापता हो गया। वह कपड़े खरीदने जाने की बात कहकर घर से निकला। अपने एक रिश्तेदार के घर बाइक खड़ी की और फिर वापस नहीं लौटा। युवक के जाने की वजह से लड़का और लड़की पक्ष की तैयारी धरी रह गईं। दोनों पक्ष ने थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की है।

थाना बिनावर क्षेत्र के कस्बा निवासी राजपाल साहू ने तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे सरवन साहू की शादी कोतवाली दातागंज क्षेत्र के कस्बा के एक मोहल्ला निवासी युवती के साथ तय हुई थी। शादी से पहले की सभी रस्म पूरी हो गई थीं। रविवार को सरवन साहू के होने वाले ससुरालीजन लग्न लेकर कस्बा बिनावर आए थे। सोमवार को बारात लेकर जानी थी। लड़का और लड़की पक्ष ने शादी की पूरी तैयारी कर ली थी। सोमवार सुबह सरवन साहू कपड़े खरीदने की बात कहकर बाइक से चला गया था। परिजन और रिश्तेदार बारात में जाने को तैयार थे। गाड़ियां भी आ गई थीं लेकिन सरवन घर नहीं लौटा। परिजनों ने इधर-उधर उसकी तलाश की। पता चला कि वह नवादा में अपने अपने रिश्तेदार के घर पर बाइक खड़ी करके कहीं चला गया है। राजपाल साहू ने लड़की पक्ष को सूचना दी। लड़की पक्ष बिनावर आ गया। दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंच गए। पुलिस को दूल्हा गायब होने की सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई थी। युवक की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार