युवक के अपहरण मामले में अब सात लोगों पर मुकदमा
काशीपुर। एक युवक ने सात लोगों के खिलाफ उसके साथ मारपीट करने व अपहरण करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने युवक की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम चंदूपुरा, ठाकुरद्वारा निवासी जतिन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह चीमा चौराहे के पास किराये के मकान में रहता है। छह दिसंबर को उसकी कुछ युवकों के साथ कहासुनी हो गई थी। आठ दिसंबर को रात करीब साढ़े आठ बजे वह जसपुर खुर्द स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था।
उसके साथ सन्नी यादव, रितिक चौधरी, अंकुर राठौर, विकास कुमार भी थे। इस दौरान रेस्टोरेंट पर रितिक यादव, नीरज अधिकारी, रजत चौहान, लवी र्विक, हरजिंदर सिंह, ओमवीर यादव और प्रभजीत व अन्य युवक आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि वह लोग उसे जबरन अपहृत कर रेस्टोरेंट के बाहर ले आये और कार में जबरन बैठा लिया। इस दौरान विरोध करने पर रितिक ने उसके सिर पर देशी तमंचा और लवी ने पिस्टल लगाकर गोली मारने की धमकी दी।
आरोप लगाया कि यह लोग उसे मानपुर रोड पर स्थित चक्की पर ले गए जहां दुबारा उसके साथ मारपीट की। मौका पाकर किसी तरह वह उनके चंगुल से जान बचाकर भागा। आरोप है कि इससे पहले भी आरोपी युवक उसे जान से मारने की कोशिश कर चुके हैं। आईटीआई थाना प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
