हल्द्वानी: पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच के अध्यक्ष समेत तीन पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच के अध्यक्ष समेत तीन के खिलाफ चौकीदार को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने के बाद मृतक के भाई ने कोर्ट की मदद ली। कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज …

हल्द्वानी,अमृत विचार। पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच के अध्यक्ष समेत तीन के खिलाफ चौकीदार को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने के बाद मृतक के भाई ने कोर्ट की मदद ली। कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

मूल रूप से प्रताप विहार, खौड़ा कालोनी गाजियाबाद और हाल ग्राम बेरोली मौना नैनीताल निवासी चंदन सिंह जीना ने दर्ज शिकायत में कहा है कि उसका छोटा भाई कुंदन सिंह वर्ष 2002 से पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच हीरानगर में रात्रि चौकीदार था, जिसके एवज में उसे 1500 रुपये दिये जाते थे।

कुंदन वाहन चलाना भी जानता था तो मंच के संस्थापक व सैनिक कालोनी तल्ली बमौरी निवासी बलवंत सिंह चुफाल उससे अपना निजी वाहन चलवाने लगे और उसे 6500 रुपये महीने देने की बात कही गयी। इसके अलावा मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी और कार्यालय प्रभारी पूरन चंद्र जोशी आपसी मिलीभगत से कुंदन के नाम से चेक जारी कर रकम खुद ही रख लेते थे। रुपये मांगने पर उसे पैसे सुरक्षित रहने का भरोसा ही दिया जा रहा।

अप्रैल वर्ष 2018 में कुंदन ने रुपये मांगे तो उसे मई में देने को कहा गया। इसके बाद कुंदन को जुलाई में धमकी देकर नौकरी से निकाल दिया गया। आर्थिक तंगी के चलते 8 जुलाई 2018 को कुंदन ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था और 9 जुलाई को उसने सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया था।

बताया गया कि कुंदन से मिले सुसाइड नोट में उसने तीनों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था लेकिन पुलिस की ओर से मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी। करीब दो साल बाद कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रकम न देने और आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार