Lucknow News : गुटखा न देने पर लविवि के रिटायर्ड कर्मचारी ने झोंका फायर
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त की बंदूक, लाइसेंस निरस्तीकरण की होगी कार्रवाई
लखनऊ, अमृत विचार : मड़ियांव के भरतनगर में गुटखा न देने पर सब्जी विक्रेता विकास पर लखनऊ विश्वविद्यालय के रिटायर्ड कर्मचारी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने फायर झोंक दिया। घटना में विकास बच गया, तो आरोपी दोबारा हवाई फायरिंग कर भाग निकला। पीड़ित के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बंदूक जब्त कर ली है। लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए पुलिस जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी कर रही है।
विकास कुमार ने बताया कि वह भरतनगर में रहते हैं। सेक्टर क्यू बालाजी मंदिर के पास सब्जी की दुकान लगाते हैं। आरोप है कि रविवार रात करीब नौ बजे वह दोस्त अक्षय कुमार के साथ दुकान पर बैठे थे। इस बीच मोहल्ले में रहने वाले सुरेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे। वह नशे में धुत थे। उन्होंने गुटखा खाने के लिए मांगा। इस पर उनसे कहा कि यह सब्जी की दुकान है न कि पान मसाले की। इसके बाद सुरेंद्र गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर सुरेंद्र चले गए। कुछ देर बाद वह बंदूक लेकर लौटे।
उन्होंने फायर झोंक दी। गोली बगल से निकल गई। घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद दोबारा बंदूक लोड कर सुरेंद्र ने हवाई फायर की। लोग दौड़े तो आरोपित भाग निकला। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आरोपित सुरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। वह नशे में थे। बंदूक कब्जे में ले ली गई है। शस्त्र लाइलेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- आत्मघाती कदम : पत्नी से झगड़ने के बाद ई-रिक्शा चालक ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
