लखीमपुर खीरी: डेढ़ माह से लापता बुजुर्ग का जंगल में कंकाल मिलने से हड़कंप
घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकले थे बुजुर्ग
सिंगाही, अमृत विचार। रहस्यमय ढंग से डेढ़ महीने पहले लापता हुए बुजुर्ग का कंकाल मंगलवार को गांव चिरकुआ के निकट दुधवा नेशनल पार्क के बफर जोन के जंगल से बरामद हुआ है। वह चार नवंबर को खेत देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। सूचना पर पहुंचे मृतक के पुत्र ने कपड़ों से कंकाल पिता का होने का दावा किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मंगलवार को ग्रामीण चिरकुआ के निकट दुधवा नेशनल पार्क के बफरजोन के कठ्ठैया जंगल की तरफ गए थे। इस दौरान उन्हें झाड़ियों से दुर्गंध आई। इस पर जब वह नजदीक पहुंचे तो देखा कि झाड़ियों में एक नर कंकाल पड़ा था। कंकाल पड़े होने की सूचना चिरकुआ समेत आसपास के गांवों में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे गांव चिरकुआ निवासी महेश दिवाकर ने कपड़ों से कंकाल की पहचान अपने पिता रामदयाल (70) के रूप में की। महेश ने बताया उसका खेत कठठैया जंगल के निकट है। चार नवंबर को उसके पिता रामदयाल अपना खेत देखने की बात कहकर घर से गए थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। पिता की काफी तलाश की गई। कोई पता न लगने पर उसने थाना सिंगाही में पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि रामदयाल की गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। अभी मौत कैसे हुई। इस बारे में कुछ नहीं बताया जा सकता है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।
ये भी पढ़ें - Lucknow News : मां के पास से बच्चे को उठाया, खिलाया-पिलाया और पीठ पर घुमाया...फिर कर दी हत्या
