भारतीय खिलाड़ियों के सामने गेंदबाजी करना मेरे लिए परीक्षा: स्वेप्सन
मेलबर्न। भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह पाने वाले लेग स्पिनर मिशेल स्वेप्सन ने कहा कि वह विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम की विश्व स्तरीय बल्लेबाजी इकाई को गेंदबाजी कर अपने कौशल के परीक्षण का इंतजार कर रहे है। स्वेप्सन ने हालांकि अभी टेस्ट पदार्पण नहीं किया है …
मेलबर्न। भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह पाने वाले लेग स्पिनर मिशेल स्वेप्सन ने कहा कि वह विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम की विश्व स्तरीय बल्लेबाजी इकाई को गेंदबाजी कर अपने कौशल के परीक्षण का इंतजार कर रहे है। स्वेप्सन ने हालांकि अभी टेस्ट पदार्पण नहीं किया है लेकिन वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली श्रृंखला के दौरान सिडनी टेस्ट में टीम का हिस्सा थे। उन्हें बांग्लादेश दौरे के लिए भी चुना गया था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण श्रृंखला स्थगित हो गयी थी।
स्वेप्सन भारत के खिलाफ दो अभ्यास मैचों के लिए चुनी गयी टीम का भी हिस्सा है। उन्हें उम्मीद है कि इन मैचों में कोहली और दूसरे बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी का मौका मिलेगा। भारतीय टीम इस दौरे पर तीन एकदिवसीय, तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी। सीमित ओवरों की श्रृंखला 27 नवंबर से शुरू होगी जबकि 17 दिसंबर से शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला का पहला मैच दिन-रात्रि में एडीलेड में खेला जाएगा।
