बलरामपुर: पिता ने अपने दो बेटों को नहर में फेंका, एक की मौत...दूसरा लापता
आरोपी पिता हिरासत में, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
पचपेड़वा/बलरामपुर, अमृत विचार। स्थानीय थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शंकरपुर कला निवासी एक विक्षिप्त पिता ने अपने दो बेटों को राप्ती मुख्य नहर में फेंक दिया। एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है और दूसरे की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि इन बच्चों का पिता मानसिक बीमारी से पीड़ित है, जिसका इलाज गोरखपुर मे चल रहा है।
पचपेड़वा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत शंकरपुर कला में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मुकेश गौतम पुत्र मथुरा अपने दो बेटों अमरेश (11) आनंद (7) को गांव में बिस्किट दिलाने के लिए घर से साथ लेकर गया था। उसके बाद गांव के दक्षिण स्थित राप्ती मुख्य नहर पर ले जाकर बच्चों को नहर में फेंक दिया। नहर पर ही गन्ना लाद रहे संदीप यादव पुत्र जगत नारायन यादव ने देखा कि राप्ती मुख्य नहर में एक लड़का बहकर जा रहा है तो उसने नहर में कूद कर एक बच्चे को मृत अवस्था में बाहर निकाला। घटना की सूचना ग्राम प्रधान बृज किशोर चौधरी ने पचपेड़वा थाने पर दी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह फोर्स समेत घटनास्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल पर ही बच्चों को फेंकने वाले पिता जो कि नहर के पुल पर बैठा था उसे हिरासत में ले लिया। अवधेश राज सिंह ने बताया कि एक बच्चे का शव मिल गया है दूसरे बच्चे के शव की तलाश के लिए लोकल मछुआरों को लगाया गया है। गोंडा से एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है। एक बच्चा जिसका शव मिला है उसका नाम आनंद(7) है। जबकि दूसरा लड़का अमरेश की तलाश की जा रही है।
नायब तहसीलदार अभिनव सिंह चौहान घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। ग्राम प्रधान ब्रजकिशोर चौधरी ने बताया कि बच्चों को फेंकने वाला पिता मुकेश गौतम मंदबुद्धि का है जिसका इलाज गोरखपुर मे चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिवार की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना की छानबीन कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बलरामपुर: पत्नी और बेटी की हत्या के दोषी पति को उम्र कैद की सजा, 50 हजार का लगाया अर्थदंड
