Ayodhya News : व्हील चेयर वालों से अवैध वसूली कर रहा साधु वेशधारी 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या धाम में बुजुर्ग व दिव्यांग श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मभूमि पथ तक व्हील चेयर से पहुंचाने वाले अत्यंत गरीब लोगों से अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। यह आरोप एक साधुवेश धारी युवक पर लगा है। आरोप है कि वह प्रतिदिन एक व्हील चेयर का 100 रुपए वसूलता है। न देने पर मारपीट भी करता है। इसकी शिकायत पुलिस से की गई है।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद कुछ गरीब तबके के लोगों ने जीवन यापन के लिए व्हील चेयर का व्यवसाय अपनाया है। शहर के अलग अलग इलाकों से यह व्हील चेयर बुजुर्ग व दिव्यांग श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मभूमि पथ तक पहुंचाते हैं। यहां से ट्रस्ट की व्हील चेयर के माध्यम से श्रद्धालु मंदिर तक पहुंचते हैं। शहर के रायगंज जैन मंदिर तिराहे, तुलसी स्मारक भवन चौराहा, विभीषण कुंड, लता चौक समेत अन्य इलाकों में करीब 120 व्हील चेयर हैं।

व्हील चेयर चलाने वाले भरतकुंड निवासी शिवम निषाद ने बताया कि अपने को हनुमानगढ़ी का साधु बताने वाला मनोज दास सभी व्हील चेयर वालों से जबरन प्रतिदिन 100 रुपए की वसूली करता है। न देने पर मारपीट करता है। बताया कि उक्त साधु उन्हें ही नहीं कई अन्य को कई बार पीट कर पैसा छीन लिया है। बताया कि एक जनवरी को उसने मुझे बुरी तरह से पीटा, इससे मेरा एक दांत भी टूट गया।

उसके अलावा कई व्हील चेयर चलाने वालों ने आपबीती सुनाई लेकिन उसके आतंक से वह शिकायत करने से डरते हैं। शिवम ने इसकी शिकायत कोतवाली अयोध्या पुलिस से की है, कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर न्याय की गोहार लगाई है। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि शिकायत की जांच कराई जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- चंदन गुप्ता हत्याकांड: NIA कोर्ट का बड़ा फैसला, 28 दोषियों को उम्रकैद

संबंधित समाचार