कानपुर में दरोगा पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती पहुंची थाने: बोली- गर्भवती होने पर गर्भपात भी कराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। नौबस्ता थाने में तैनात दरोगा पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। आरोप लगाने वाली गैर धर्म की युवती बरेली की रहने वाली है। उसने वहीं पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार सुबह युवती नौबस्ता थाने पहुंची और पुलिस कर्मियों से न्याय की गुहार लगाई।

बरेली निवासी युवती के अनुसार फरवरी 2022 में उसकी दोस्ती ललित शर्मा से हुई थी। आरोपी ने उसे झूठे प्यार में फंसाया और बरेली आकर कई बार दुष्कर्म किया। मना करने पर शादी का झांसा देकर होटल ले जाता और मनमानी करता। आरोप लगाया कि सितंबर 2022 में गर्भवती होने पर दरोगा ने जान से मारने की धमकी देते हुए गर्भपात करवा दिया।

इसके कुछ दिनों बाद आरोपी ने फिर दुष्कर्म किया। युवती के अनुसार ललित ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का भी दबाव बनाया था। उसने जब शादी को कहा तो दरोगा ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी। इस बीच दरोगा ने शादी भी कर ली। तब से वह न्याय की गुहार लगा रही हैं।

नौबस्ता थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवती आई थी लेकिन उसे उच्चाधिकारियों के पास जाने की बात कहकर लौटा दिया गया है। दरोगा ने उस पर दर्ज दुष्कर्म के मामले में एफआर लगने की जानकारी दी है। 

संबंधित समाचार