जनाधार वाले नेता बनेंगे कांग्रेस में पदाधिकारी, जमीनी कार्यकर्ताओं से वार्ता कर तैयार होगा सशक्त संगठन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस में जनाधार वाले नेता पदाधिकारी बनेंगे। जमीनी कार्यकर्ताओं से वार्ता कर सशक्त संगठन तैयार होगा। मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय की अध्यक्षता में पूर्वांचल जोन की बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन हुआ।

संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत बैठक में राष्ट्रीय महासचिव के अलावा पूर्वांचल जोन के प्रभारी राष्ट्रीय सचिव सत्य नारायण पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, पूर्व सांसद निर्मल खत्री, पूर्व सांसद राज बब्बर, पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी आदि नेता शामिल हुए। उन्होंने अपने सांगठनिक अनुभवों से मजबूत संगठन के निर्माण पर जोर दिया। बैठक में सांसद किशोरी लाल शर्मा, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर, पूर्व विधायक विवेक बंसल आदि ने भी सुझाव रखे।

मालूम हो कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के जरिये प्रदेश संगठन व जिला-शहर की कार्यकारिणी भंग करने के बाद नये सिरे से पदाधिकारियों का चयन होना है। जिलाध्यक्ष बनने के इच्छुक नेताओं को 10 सवालों के जवाब देने होंगे। इनमें संगठन की जानकारी, पार्टी से जुड़ने का समय, सदस्यता अभियान में भागीदारी, भारत जोड़ो यात्रा, यूपी जोडो यात्रा, पौधरोपण, रक्तदान, पार्टी आंदोलन के कार्यक्रम आदि सवाल शामिल हैं। इसमें सबसे ज्यादा अंक पाने के बाद उनकी राजनीतिक पकड़ का आकलन किया जाएगा। प्रदेश को छह जोन में बांटकर समीक्षा चल रही है। प्रत्येक जोन में जिला व शहर अध्यक्षों के लिए आवेदन मांगे गये हैं।

कुशासन को उखाड़ फेंकने को तैयार है प्रदेश कांग्रेस-अविनाश पांडेय

राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने कहा कि देश में नफरत और विघटन के हालात बन गए हैं। पार्टी नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी लगातार संघर्ष कर रहे हैं। सभी का नैतिक दायित्व है कि इस लड़ाई को जमीन पर उतर कर मजबूती से लडे़ं।

भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी कांग्रेस-अजय राय

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि छह दिनों में संगठन सृजन के लिए मैराथन बैठकों का दौर जारी रहेगा। प्रदेश के जिलों से आए जमीनी कार्यकर्ताओं से वार्ता कर एक ऐसे मजबूत संगठन का निर्माण किया जाएगा, जो प्रदेश की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का कार्य करेगा।

आज होगी प्रयागराज जोन की बैठक

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 8 जनवरी को प्रयागराज जोन की बैठक होगी, इसके बाद 9 जनवरी को अवध जोन, 10 जनवरी को बुंदेलखंड, 11 को ब्रज जोन व 12 जनवरी को पश्चिमी जोन के नेताओं के साथ बैठक होगी।

यह भी पढ़ेः लखनऊः सड़क पर उतरे अधिकारी, फुटपाथ पर सोते मिले लोग

संबंधित समाचार