कानपुर में खींचतान के बीच भाजपा उत्तर के 11 मंडल अध्यक्ष घोषित: इन सात नये चेहरों को मौका, 4 को दोबारा दी गई जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। भाजपा उत्तर जिले में खींचतान के बीच गुरुवार देर रात 11 मंडल अध्यक्षों व जिला प्रतिनिधियों की सूची जारी हो गई। हालांकि, अभी भी 3 मंडलों की सूची होल्ड है। जनप्रतिनिधियों की आपत्ति की वजह से पूरे नाम घोषित नहीं हो सके हैं। जारी सूची के अनुसार 7 नये चेहरों को मौका दिया गया है। जबकि 4 मंडल अध्यक्षों पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया है। जहां मंडल अध्यक्ष बदले गये हैं वहां पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जिलाप्रतिनिधि बनाकर रोष खत्म करने की कोशिश की है। 

उत्तर जिले में कल्याणपुर, गोविंद नगर और सीसामऊ में जनप्रतिनिधि अपने हिसाब से मंडल अध्यक्ष बनवाना चाहते थे। अपनी प्रतिष्ठा लगा दी थी। गुरुवार को जब सूची आई तो यह देखा भी गया। प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की संस्तुति पर मंडल अध्यक्ष जारी कर दिये गये। कल्याणपुर विधानसभा में नारामऊ मंडल से शुभम दीक्षित और तिलकनगर मंडल से अश्वनी गौतम को पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। दोनों नाम जनप्रतिनिधि की पसंद के हैं। 

यहां कल्याणपुर और गीता नगर मंडल को होल्ड पर रखा गया है। गोविंद नगर विधानसभा में पनकी से विजय पटेल, लाजपत नगर से अजय राय को पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों ही नाम विधायक सुरेंद्र मैथानी ने दिये थे। यहां रतनलाल नगर मंडल से सुमित पावा व रामलला नगर से दीपक शुक्ला को दोबारा मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। 

सीसामऊ विधानसभा से कौशलपुरी से भानू प्रताप सिंह, चुन्नीगंज से इंद्रजीत खन्ना बाल्मीकि को पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। यहां रायपुरवा मंडल की घोषणा नहीं की गई है। भाजपा सूत्रों के अनुसार यहां सुरेश अवस्थी नहीं चाहते कि गौरव पांडेय फिर से मंडल अध्यक्ष बनें इसीलिये पार्टी ने अभी मंडल को होल्ड पर रखा है। 

इसी तरह आर्यनगर विधानसभा के जनरलगंज मंडल से योगेश पांडेय, कलक्टरगंज से रमाशंकर अग्रहरी को दोबारा मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। यहां सिविल लाइंस मंडल से दीपक शुक्ला को पहली बार मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।

यह बने जिला प्रतिनिधि

नारामऊ से चंचल सिंह भदौरिया, तिलक नगर से रानी शुक्ला, पनकी से प्रशांत पाल, लाजपत नगर से वात्सेय त्रिपाठी, रतनलाल नगर से मनीष अवस्थी, रामलला नगर से आकाश प्रताप सिंह, कौशलपुरी से घोषणा नहीं हुई है। चुन्नीगंज से पियूष आनंद, जनरलगंज से शिवगोपाल सिंह, कल्क्टरगंज से ज्योति बाल्मीकि और सिविल लाइंस मंडल से शेष नारायण साहू को जिला प्रतिनिधि बनाया गया है।

ये भी पढ़ें- कानपुर में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक में फंसा जीटी रोड का पेच: रेलवे को निर्माण कार्य के लिए जीटी रोड की इतनी जमीन की जरूरत

संबंधित समाचार