रसोई में रखा गैस-सिलेंडर फटा, बच्चे झुलसे, दम्पती की हालत नाजुक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार : मुखानी में रात एक भयावह हादसा हो गया। रसोईं में खाना बनाते वक्त अचानक सिलेंडर फट गया और आग लग गई। आग की चपेट में आकर दम्पती और उसके बच्चे बुरी तरह जल गए। चारों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दम्पती की हालत चिंताजनक बनी हुई है। 

जयदेवपुर निवासी कमल सिंह रावत यहां अपनी पत्नी दुर्गा रावत, 8 साल के बेटे आकाश और 5 साल की बेटी रिया के साथ रहते हैं। बताया जाता है कि बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे दुर्गा रसोईं घर में खाना बना रहीं थीं। पति कमल भी उनका हाथ बंटा रहे थे और बच्चे भी वहीं खेल रहे थे कि तभी धमाका हुआ और सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटते ही आग लग गई। किसी को बचने का मौका नही मिला और अभी आग की चपेट में आ गए। पल भर में चीख पुकार मच गई। शोर सुन दौड़े पड़ोसी मंजर देख सहम गए। बावजूद इसके पड़ोसी राहत कार्य मे जुटे और सूचना पुलिस को दी। पड़ोसियों ने किसी तरह आग से घिरे  परिवार को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। 


बताया जा रहा है कि दम्पती 40 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं और उनकी हालत गभीर है। बताया यह भी जा रहा है सिलेंडर का पाइप काफी समय से लीक कर रहा था और उसी की वजह से हादसा हुआ। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार