पहला आवश्यक कदम
इजराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम और दर्जनों बंधकों की रिहाई के लिए समझौता ऐसे समय में हुआ, जब इजरायल के कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्र में फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए यूएन सहायता एजेंसी
(यूएनआरडब्लूए) के संचालन को समाप्त करने के उद्देश्य से, दो इजराइली कानून कुछ ही सप्ताहों के भीतर लागू होने वाले थे। गुरुवार को भारत ने भी इजराइल और हमास के बीच हुए समझौते का स्वागत किया। 15 माह से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए मिस्र, कतर और संयुक्त राज्य अमेरिका ने मध्यस्थों की भूमिका निभाई। कूटनीतिक समाधान तलाश करने के लिए उनकी प्रतिबद्धता समझौता संभव बनाने में बहुत महत्वपूर्ण है।
समझौता तीन चरणों वाला है, जो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाईडेन द्वारा निर्धारित रूपरेखा पर आधारित है और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा समर्थित है। समझौते का पहला चरण इजरायल द्वारा कैद की गई फिलिस्तीनी महिलाओं और बच्चों के बदले में छह सप्ताह की अवधि में 33 बंधकों की क्रमिक रिहाई के साथ प्रारंभ होगा। यह 42 दिनों का चरण होगा, जिसमें इजरायली सेना आबादी वाले केंद्रों से वापस आ जाएगी।
दूसरे चरण में हमास शेष बचे बंदियों, मुख्य रूप से पुरुष सैनिकों को रिहा करेगा, बदले में अधिक कैदियों और गाजा से इजराइली सेना की पूरी तरह से वापसी होगी। तीसरे चरण में शेष बंधकों के शवों को अंतर्राष्ट्रीय निगरानी में गाजा में तीन से पांच वर्ष की पुनर्निर्माण योजना के बदले में लौटाया जाएगा।
वास्तव में युद्ध विराम एक हिंसक संघर्ष को बदलने या निपटाने के उद्देश्य से शांति प्रक्रिया में पहला और आवश्यक कदम है। इस युद्ध में 42 हजार से अधिक लोग मारे गए हैं। गाजा की आबादी लगभग 20 लाख है और उसमें से लगभग 19 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। यूएनआरडब्लूए के 265 कर्मचारी मारे गए हैं और इसकी सुविधाओं पर हमले हुए हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक कई बार युद्ध विराम को अक्सर राजनीतिक या रणनीतिक लाभ के लिए उपकरण के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। क्योंकि एक पक्ष युद्ध विराम का उपयोग अपनी युद्ध-लड़ने की क्षमता को फिर से संगठित करने या अपनी सेनाओं को मजबूत सामरिक स्थिति में लाने के लिए कर सकता है।
एक पक्ष अपने प्रतिद्वंद्वी की स्थिति को कमजोर करने के प्रयास में अन्य उत्तेजक कार्य भी कर सकता है, जो युद्ध विराम की भावना के अनुरूप नहीं हैं। ऐसे में सभी संबद्ध पक्षों को इस समझौते को पूरी तरह से लागू किया जाना सुनिश्चित करने के लिए, अपनी प्रतिबद्धताओं को निभाना चाहिए। उम्मीद है संबंधित पक्ष स्थानीय तनाव को कम करने के लिए गाजा युद्ध विराम को एक अवसर के रूप में लेंगे। पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को साथ मिलकर काम करना चाहिए।
