Rampur News : सर्दी का सितम जारी, शनिवार को नैनीताल से भी ठंडा रहा रामपुर...कोहरे के कारण हाईवे पर रेंगते नजर आए वाहन
नैनीताल में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रामपुर में 9 डिग्री, नैनीताल में नमी 46 प्रतिशत, रामपुर में 90 प्रतिशत नमी

रामपुर में हाईवे पर दिन में कोहरे के बीच हेड लाइट जलाकर गुजरते वाहन
रामपुर, अमृत विचार। 18 जनवरी का शनिवार नैनीताल से भी ठंडा रहा। नैनीताल में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस जबकि, रामपुर 9 डिग्री सेल्सियस रहो। नैनीताल में आर्द्रता 46 प्रतिशत जबकि, रामपुर 90 प्रतिशत रही। नैनीताल में 6 किमी. प्रतिघंटा जबकि, रामपुर में 8 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से शीत लहर चली। सर्दी से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाकर बैठे और सर्दी से बचने का जतन किया। कोहरा होने के कारण हाईवे पर वाहन रेंगते रहे।
सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। शनिवार को रामपुर नैनीताल से भी ठंडा रहा। शनिवार को सुबह से कोहरा छाया हुआ है और शीत लहर चल रही है। कोहरे के बीच हेड लाइट जलाकर सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। लोगों ने जगह-जगह अलाव जलाकर सर्दी दूर करने का जतन किया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. उदय प्रताप शाही बताते हैं कि अभी ठंड से राहत के आसार नहीं है। वह 21 और 22 जनवरी को बारिश का अनुमान जता रहे हैं।
18 और 22 को पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर हिमपात हो सकता है। यूपी के पश्चिमी क्षेत्र के अधिकांश जिलों में वर्षा होने के आसार हैं। तापमान में गिरावट और आर्द्रता में बढ़ोत्तरी से रबी की फसलों पर खतरा मंडराने लगा है। गेहूं, आलू, राई, सरसों और मटर की फसलों में फफूद जनित रोग हो सकते हैं। कृषि वैज्ञानिक डॉ. लक्ष्मीकांत बताते हैं कि किसान फसलों पर कीट और रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल उपचार करें।
शनिवार को रामपुर का हाल-ए-मौसम
- अधिकतम तापमान-19 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान- 09 डिग्री सेल्सियस
- आर्द्रता- 90 प्रतिशत
- वायु वेग- 08 किमी. प्रतिघंटा
शनिवार को नैनीताल का हाल-ए-मौसम
- अधिकतम तापमान-18 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान- 11 डिग्री सेल्सियस
- आर्द्रता- 46 प्रतिशत
- वायु वेग- 06 किमी. प्रतिघंटा
ये भी पढ़ें : रामपुर : 20 लाख की चोरी के मामले में अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज, पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली