Kanpur: कारोबारियों के पलायन पर सांसद रमेश अवस्थी ने जताई चिंता, जीएसटी अधिकारियों के साथ की बैठक
कानपुर, अमृत विचार। नगर में पान मसाला कारोबारियों के पलायन की खबरों पर संसाद रमेश अवस्थी ने चिंता व्यक्त की। सांसद ने अपने निवास पर जीएसटी अधिकारियों राम सनेही विद्यार्थी, शशांक शेखर मिश्रा के साथ बैठक की और कहा कि कानपुर नगर के लिए व्यापारियों का पलायन बेहद चिंताजनक है। इससे न केवल नगर की आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी, बल्कि बेरोजगारी भी बढ़ेगी।
सांसद अवस्थी ने अधिकारियों से पूछा कि पिछले दो महीनों से पान मसाला कारोबारियों पर चल रही जांच और कार्रवाई के बावजूद प्रदेश के राजस्व में क्या कोई वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अगर इन कार्रवाइयों से राजस्व में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है, तो यह स्थिति चिंताजनक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पान मसाला कारोबारियों के साथ सकारात्मक चर्चा की जाए और उनकी समस्याओं का हल निकाला जाए। सांसद ने कहा कि व्यापारियों और सरकार के बीच संवाद ही इस समस्या का समाधान हो सकता है। सांसद ने प्रमुख सचिव और जिलाधिकारी से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के पलायन से कानपुर नगर की आर्थिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और इससे स्थानीय रोजगार के अवसरों में कमी आएगी।
उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि व्यापारियों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए एक सहयोगी और सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने नगर के विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की भी आवश्यकता जताई।
