Stock Market: शेयर बाजार ग्रीन जोन में हुआ बंद, सेंसेक्स 454 ऊपर, निफ्टी 141 पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन शेयर बाजार ग्रीन जोन में बंद हुआ। बीएसई पर सेंसेक्स 454.11 अंक की बढ़त के साथ 77,073.44 अंक पर तो निफ्टी 141.55 अंक के लाभ से 23,344.75 अंक पर बंद हुआ।

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति पद के दूसरे कार्यकाल के पहले घंटों में संभावित नीतिगत घोषणाओं की प्रतीक्षा और जापान में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद में विश्व बाजार के सकारात्मक रुख से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर विप्रो और कोटक महिंद्रा बैंक की उम्मीद से अधिक मजबूत तिमाही नतीजे की बदौलत हुई चौतरफा लिवाली (purchase) से आज शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। 

सूचना-प्रौद्योगिकी समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी विप्रो लिमिटेड का वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में शुद्ध मुनाफा 24.48 प्रतिशत बढ़कर 3353.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसी तरह कोटक महिंद्रा बैंक का शुद्ध लाभ 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 4701 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। उम्मीद से अधिक मजबूत परिणाम की बदौलत विप्रो के शेयर 6.49 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 9.15 प्रतिशत उछल गए। इससे शेयर बाजार को बल मिला और बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 454.11 अंक अर्थात 0.59 प्रतिशत की छलांग लगाकर 77 हजार के स्तर के पार 77,073.44 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 141.55 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,344.75 अंक पर पहुंच गया। साथ ही बीएसई का मिडकैप 0.66 प्रतिशत उछलकर 44,049.49 अंक और स्मॉलकैप 0.82 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 52,739.01 अंक हो गया।

इस दौरान बीएसई में कुल 4228 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2503 में तेजी जबकि 1557 में गिरावट रही वहीं 168 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई की 1809 कंपनियों में लिवाली जबकि 1053 में बिकवाली हुई वहीं 87 में टिकाव रहा। बीएसई में एफएमसीजी, सीडी और ऑटो की 0.50 प्रतिशत तक की गिरावट को छोड़कर अन्य समूहों का रुझान सकारात्मक रहा। इससे कमोडिटीज 0.57, ऊर्जा 0.53, वित्तीय सेवाएं 1.24, हेल्थकेयर 0.76, इंडस्ट्रियल्स 0.83, आईटी 0.18, दूरसंचार 2.18, यूटिलिटीज 1.17, बैंकिंग 2.03, कैपिटल गुड्स 0.96, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.49, धातु 0.77, तेल एवं गैस 0.72, पावर 1.39, रियल्टी 0.57, टेक 0.41, सर्विसेज 0.34 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.36 प्रतिशत मजबूत रहे। विदेशी बाजारों में तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.26, जर्मनी का डैक्स 0.04, जापान का निक्केई 1.17, हांगकांग का हैंगसेंग 1.75 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.08 प्रतिशत मजबूत रहा। 

संबंधित समाचार