38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान परिवहन नियमों का सख्ती से करना होगा पालन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: आरटीओ कार्यालय में 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर परिवहन व्यवस्था के लिए मंगलवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी, आरटीओ प्रवर्तन गुरुदेव सिंह और एआरटीओ प्रशासन बीके सिंह ने परिवहन सेवा से जुड़े समस्त प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। 

इस दौरान यह निर्देश दिए गए कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के दौरान परिवहन सेवा से जुड़े लोगों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। नियमों का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि गौला खनन कार्य में लगे वाहन मार्ग पर खड़े नहीं होंगे और अवैध रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटाया जाएगा।

नो पार्किंग/फुटपाथ पर कोई भी वाहन खड़ा नहीं किया जाएगा। बस, टैक्सी, ऑटो व ई-रिक्शा वाहन केवल अपनी निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े होंगे। मार्ग पर खड़ा कोई भी वाहन सवारी नहीं ढोएगा। सभी टैक्सी और बस स्टेशनों को साफ रखा जाएगा और कूड़ा डस्टबिन में डाला जाएगा। वाहनों में डस्टबिन रखा जाएगा। सभी यूनियन के प्रतिनिधियों को बताया गया कि यात्रियों से निर्धारित किराया लिया जाएगा और चालक-परिचालक हमेशा निर्धारित यूनिफार्म में रहेंगे। वाहन चालक केवल वैध लाइसेंस और प्रपत्रों के साथ वाहन चलाएंगे। नशे में वाहन चलाने की अनुमति नहीं होगी। आगंतुकों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाएगा और उन्हें क्षेत्र के प्रमुख स्थानों के बारे में जानकारी दी जाएगी। ई-रिक्शा केवल निर्धारित स्थानों पर ही चलेंगे और हाईवे पर उनका संचालन प्रतिबंधित रहेगा। 
 बैठक में टैक्सी, ऑटो, केमू, ट्रक, ई-रिक्शा यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस मौके पर उमेश चन्द्र जोशी, डॉ. केदार पलड़िया, दीपक, मनोज, प्रमोद दुम्का, पूरन सिंह कार्की,  सच्चिदानंद, दयाकिशन पांडे, अमरजीत सिंह, निर्भय, रवि कुमार सनवाल, चरन सिंह, जसोद सिंह,  रमेश जोशी,  गिरीश जोशी आदि मौजूद रहे।

 

 

 

 

संबंधित समाचार