महापौर ने Kanpur नगर निगम कार्यालय का किया औचक निरीक्षण: 34 अधिकारी व कर्मचारी मिले गायब, कारण बताओ नोटिस जारी
कानपुर, अमृत विचार। महापौर प्रमिला पांडेय ने मंगलवार को सुबह 11 बजे नगर निगम के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त के साथ मोतीझील स्थित विभिन्न कार्यालयों में कुल 34 कर्मचारी अपने कार्यालय से अनुपस्थित मिले। महापौर ने उपस्थिति पंजिका में सभी के हस्ताक्षर नहीं पाये।
.jpg)
महापौर ने अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उत्तर संतोषजनक नहीं पाये जाने पर एक दिन के वेतन कटौती कराये जाने के लिये नगर आयुक्त को निर्देशित किया। बता दें कि, नगर आयुक्त सुधीर कुमार के नगर निगम में समय से मौजूद न रहने की वजह से अधिकारी व कर्मचारी पर लगाम नहीं है। कोई भी कभी भी नगर निगम कार्यालय पहुंचता है। वहीं जो लोग पहुंचते भी हैं तो वह सीट पर नहीं बैठते हैं।
.jpg)
व्यामशाला पर कब्जा देख महापौर नाराज, ताला तुड़वाया
महापौर आपके वार्ड कार्यक्रम के तहत मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने ऐलन हाउस स्कूल खलासी लाइन में समाधान शिविर लगाया। यहां पर उनको व्यामशाला पर कब्जे की जानकारी मिली। जिस पर महापौर इलाके के लोगों के साथ व्यामशाला पहुंचीं। यहां पर व्यामशाला में उमा देवी नाम की महिला ने कब्जा करके अपना ताला डाल दिया था। इतना ही नहीं अपने और अपने परिवारजनों के नाम से शिलापट भी लगा दिया था।
इलाके के लोगों ने बताया कि ये शिलापट सोमवार रात में अचानक लगा दिया है। व्यामशाला में कब्जे से नाराज महापौर ने खुद खड़े होकर ताला तुड़वाया और अधिशासी अभियंता आरके तिवारी को निर्देश दिया कि यहां पर अपना ताला लगाकर नगर निगम का पत्थर लगाइए। वहीं, दूसरी प्रमुख समस्या नालियों और नालों की समस्या थी। जिस पर महापौर ने देवेंद्र कुमार जेएडएसओ को फटकार लगाते हुए साफ सफाई के निर्देश दिए। समाधान शिविर में कुल 19 समसम्याएं आईं जिन पर 5 समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया।
