48 घंटे बाद भी हाथ खाली, नहीं मिला रम्बा का राजदार प्रेम
- रविवार शाम 7 बजे आरटीओ चौकी से भागा था प्रेम सिंह - सैकड़ों सीसीटीवी खंगाले, लेकिन कहीं नजर नहीं आया प्रेम
हल्द्वानी, अमृत विचार : लघुशंका का बहाना बनाकर आरटीओ पुलिस चौकी से भागा नेपाली प्रेम सिंह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। उसकी फरारी को 48 घंटे से अधिक का वक्त गुजर चुका है और 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी वह कहीं नजर नहीं आया। वह भी तब, जब उसकी तलाश में एसओजी समेत पुलिस की चार टीमें लगी हैं। नेपाल सीमा पर भी पुलिस ने डेरा डाला रखा है।
मुखानी चौराहे के पास पेट्रोल पंप के कॉपी-किताब के कारोबारी दीपक अग्रवाल का घर है। नेपाल की रम्बा ने साथियों के साथ मिलकर दीपक के घर में बड़ी चोरी को अंजाम दिया था और घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने रम्बा ने दीपक और उनकी पत्नी को नशीला जूस पिला कर बेहोश कर दिया था। 26 नवंबर को हुई इस घटना में शामिल न तो रम्बा मिली और न ही उसके साथी। पुलिस के हाथ नेपाल का प्रेम सिंह लगा। प्रेम सिंह घटना में शामिल नहीं था, लेकिन रम्बा का सबसे बड़ा राजदार था। पूछताछ के लिए उसे आरटीओ पुलिस चौकी में रखा गया था और रविवार शाम करीब 7 बजे लघुशंका का बहाना बनाकर वह चौकी से फरार हो गया। इस मामले में एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने चौकी इंचार्ज बलवंत सिंह कम्बोज समेत तीन लोगों को सस्पेंड भी किया और प्रेम को पकड़े के निर्देश दिए, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
पुलिस ने बताया कि प्रेम की तलाश में चारों टीमों को रवाना कर दिया गया। एक टीम नेपाल बॉर्डर पर मौजूद है और नेपाल पुलिस की संपर्क में है। जबकि दूसरी टीम उत्तर प्रदेश और तीसरी टीम दिल्ली रूट पर सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस ने घटना के बाद आरटीओ पुलिस चौकी के आस-पास लगे सारे सीसीटीवी फुटेज खंगाल डाले, लेकिन प्रेम किस ओर भागा पता नहीं लगा।
