जम्मू: सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी ढेर, हथियारों का जखीरा बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जम्मू। जम्मू के नागरोटा इलाके में गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गये। सुरक्षाबलों ने उनके पास से एके-47 राइफलों और ग्रेनेड का जखीरा बरामद किया गया। पुलिस महानिरीक्षक (जम्मू रेंज) मुकेश सिंह ने प्रेस कांफेंस में जानकारी दी कि जम्मू कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बान टोल प्लाजा के पास …

जम्मू। जम्मू के नागरोटा इलाके में गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गये। सुरक्षाबलों ने उनके पास से एके-47 राइफलों और ग्रेनेड का जखीरा बरामद किया गया। पुलिस महानिरीक्षक (जम्मू रेंज) मुकेश सिंह ने प्रेस कांफेंस में जानकारी दी कि जम्मू कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बान टोल प्लाजा के पास मुठभेड़ में चार आतंकवादी ढेर हो गये और पुलिस के विशेष अभियान समूह(एसओजी) दो सदस्य घायल हुए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि भारी मात्रा में हथियारों और विस्फोटकों समेत आतंकवादियों के घुसपैठ की खुफिया सूचना के आधार पर विभिन्न जांच चौकियों पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था। सुबह करीब पांच बजे बान टोल प्लाजा के नजदीक एक ट्रक को रोका गया। ट्रक के रुकने के बाद चालक वहां से भाग निकला। तलाशी के दौरान ट्रक में छुपे आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी गोलियां चलायी और तीन घंटे तक मुठभेड़ चली।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गये। ट्रक से 11 एके-47 राइफल तथा 29 ग्रेनेड समेत काफी संख्या में अन्य हथियार और विस्फोटक बरामद किया गया। मुठभेड़ में एसओजी के दो कर्मी घायल हो गये, जिनकी पहचान कुलदीप राज (अखनूर) और मोहम्मद इशाक मलिक (नील कासिम बनिहाल , रामबन) के रूप में की गयी है। दोनों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गये आतंकवादी पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य थे और वे हाल ही में अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसे हैं।

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान ने इस तरफ आतंकियों की घुसपैठ कराने और इस महीने के अंत में होने वाले जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चुनावों को प्रभावित करने की कोशिशें बढ़ा दी हैं। इसके लिए जम्मू पुलिस और सुरक्षाबलों ने चार पाकस्तिानियों (आतंकियों) को धराशायी कर अच्छा काम किया है। उनका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए कश्मीर आना था।

नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से घुसपैठ करने की ताक में बैठे आतंकियों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर आईजीपी ने कहा कि इस बात की जानकारी मिली थी कि करीब 250 आतंकवादी वहां मौजूद हैं, लेकिन पाकिस्तान के मंसूबों को नाकाम करने के लिए सुरक्षा बल चौकन्ने हैं। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के काकापोरा इलाके में बुधवार को हुए ग्रेनेड हमले के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि पुलिस ने इस घटना के जिम्मेदार आतंकी की पहचान कर ली है।

उपराज्यपाल के सलाहकार मुठभेड़ में घायल जवानों से मिले
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर ने गुरुवार को जम्मू शहर के नागरोटा इलाके में हुई मुठभेड़ में घायल जवानों से अस्पताल में मुलाकात की। राजीव राय भटनागर ने चिकित्सा अधिकारियों से जवानों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है। सलाहकार ने जवानों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा लगातार निगरानी के लिए अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गये और पुलिस के विशेष अभियान समूह के दो जवान घायल हुए हैं।

संबंधित समाचार