हाथ से निकला प्रेम और सबसे बड़ी चोरी का खुलासा भी
- हल्द्वानी में अब तक की सबसे बड़ी चोरी के खुलासे के करीब थी पुलिस - प्रेम की फरारी से रम्बा गैंग के पकड़ में आने की संभावना भी सुस्त पड़ी
हल्द्वानी, अमृत विचार : पुलिस अब तक की सबसे बड़ी चोरी के खुलासे के खुलासे के बेहद करीब थी, लेकिन ऐन वक्त कर वो भाग गया जिसके बूते पुलिस ने खुलासे का ताना-बाना बुना था। आज चार दिन से अधिक का समय गुजर चुका है, लेकिन आरटीओ चौकी से भागे प्रेम सिंह की लोकेशन पुलिस ट्रेस नहीं कर पाई।
बीते वर्ष 26 नवंबर को रम्बा एंड गैंग कॉपी-किताबों से कारोबारी दीपक अग्रवाल के घर चोरी की थी। दीपक मुखानी चौराहे के पास कालाढूंगी रोड पर रहते हैं। नौकरानी बनकर घर पहुंची रम्बा ने नशीला जूस पिलाकर दीपक और उनकी पत्नी को बेहोश कर किया, साथियों के साथ माल समेटा और फरार हो गई। तकरीबन दो माह की लंबी जद्दोजहद के बाद न तो रम्बा हाथ लगी और न ही पुलिस उसके किसी साथी को पकड़ पाई। हालांकि पुलिस ने उम्मीद नहीं छोड़ी। हाल में पुलिस के साथ नेपाल निवासी प्रेम सिंह लग गया। प्रेम, रम्बा का करीबी और राजदार है।
हालांकि 19 जनवरी की शाम करीब 7 बजे प्रेम लघुशंका का बहाना बनाकर आरटीओ पुलिस चौकी से फरार हो गया। एसएसपी ने चौकी प्रभारी बलवंत कम्बोज समेत तीन लोगों को सस्पेंड कर दिया। हल्द्वानी से उत्तर प्रदेश, दिल्ली और नेपाल तक एसओजी समेत पुलिस की चार टीमों ने तलाश शुरू की, लेकिन प्रेम हाथ नहीं आया।
पुलिस ने पहाड़ के दो जिलों में भी अलर्ट जारी किया है, जहां नेपाल सीमा लगती है। पिथौरागढ़ और चम्पावत जिले के सीमावर्ती इलाकों में भी नेपाली युवक की तलाश को लेकर एसएसबी को भी सूचना दी गई है। एसएसपी प्रह्लाद नायारण मीणा ने बताया कि पुलिस व एसओजी की टीमें लगी हैं।
