बदायूं: बदमाशों ने लूट लिया सोयाबीन तेल का ट्रक, चालक को नशा देकर रास्ते में फेंका
बदायूं, अमृत विचार: नेपाल से सोयाबीन का तेल लेकर लौट रहे पंजाब के ट्रक चालक को बदमाशों ने नशीला पदार्थ खिला दिया। चालक की हालत खराब हो गई। बदमाश उसे मुजरिया थाना क्षेत्र में सड़क किनारे फेंककर सोयाबीन तेल भरा ट्रक लेकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। पुलिस ने चालक के बयान दर्ज किए हैं।
मूलरूप से पंजाब निवासी सरबजीत वर्तमान में दिल्ली के स्वरूप नगर में रहते हैं। जहां वह एक ट्रांसपोर्टर का ट्रक चलाते हैं। वह नेपाल से सोयाबीन का तेल लेकर दिल्ली जा रहे थे। बरेली के थाना फतेजगंज पूर्वी क्षेत्र में कार सवार बदमाशों ने उनके ट्रक को ओवरटेक करके रोक लिया। कार सवार तीन बदमाश जबरन ट्रक के केबिन में चालक के पास बैठ गए और ट्रक आगे चलाते रहने को कहा।
आगे चलकर बदमाशों ने सबरजीत को कार में बैठाया और एक बदमाश ट्रक लेकर चला गया। रास्ते में बदमाशों ने कार सवार सरबजीत को नशीला पदार्थ खिलाकर बेसुध कर दिया। रास्ते में थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव सबदलपुर के पास सड़क किनारे फेंक दिया। राहगीरों ने उसे सड़क किनारे पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मुजरिया पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए चालक को उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया तो चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारियों ने थाना पुलिस के अलावा एसओजी को जांच के लिए लगाया है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: घर में घुसकर दुष्कर्म करने के दोषी को 10 साल का कारावास
