'भारत रत्न' कर्पूरी ठाकुर की जयंती आज: पीएम मोदी और CM योगी ने अर्पित की श्रद्धांजलि, जानें क्या कहा...
नई दिल्ली/लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा कि उनका जीवन व आदर्श देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। भारत सरकार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को पिछले साल मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया था।
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी को उनकी जन्म-जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। जननायक ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया और इस दिशा में अनेक प्रयास किए। उनका जीवन और आदर्श देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।"
सीएम योगी ने किया नमन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक “एक्स “ खाते पर एक पोस्ट में कहा “महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सामाजिक न्याय के पुरोधा और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, 'भारत रत्न' कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!” इसी पोस्ट में योगी ने कहा, “आपके आदर्श एवं संघर्ष हमें सदैव न्याय, समानता और सेवा के पथ पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे।”
दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे दिवंगत ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को और निधन 17 फरवरी 1988 को हुआ था। जननायक कहे जाने वाले ठाकुर की 100वीं जयंती की पूर्व संध्या पर पिछले वर्ष 23 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने उनको मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित करने की घोषणा की थी।
ये भी पढ़ें- गोंडा: तिकोना पार्क में हुआ नागरिक संगम, डीएम ने सुनी समस्याएं
