Moradabad : 'महाकुंभ के नाम पर राजनीतिक बयानबाजी नहीं होनी चाहिए, यह सबकी आस्था से जुड़ा है'
मिल्कीपुर विधानसभा उप चुनाव में होगी भाजपा की जीत, यूपी स्थापना दिवस की विज्ञान एव प्रौद्योगिकी मंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुरादाबाद। प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ में देश विदेश से करोड़ों लोग हर दिन पहुंच रहे हैं, यह सबकी आस्था से जुड़ा है। इस पर राजनीतिक बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। मंत्री अनिल कुमार शुक्रवार को पंचायत भवन परिसर में श्री अन्न मिलेट्स रेसिपी जागरूकता एवं प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम और उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत। मिल्कीपुर विधानसभा उप चुनाव में जीत के विपक्ष के दावे पर कहा कि विपक्ष तो जब नौ विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में भी यही दावा करता था लेकिन परिणाम सबके सामने है, मिल्कीपुर में हर हाल में भाजपा व एनडीए की जीत होगी।
उन्होंने कुंभ को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा दिए बयानों पर कहा कि महाकुंभ सबकी आस्था से जुड़ा है। इस पर राजनीतिक बयानबाजी उचित नहीं है। उन्हें भी इसमें आना चाहिए। क्योंकि उनके पिता मुलायम सिंह यादव जी भी अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में कुंभ में गए थे, अखिलेश यादव को भी जाना चाहिए। कुंभ के नाम पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। राहुल गांधी और प्रियंका के कुंभ में आने को लेकर कहा कि सबका स्वागत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं और सबका साथ सबका विकास के नीति पर प्रतिभाओं के हुनर को निखार रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कुंदरकी के विधायक रामवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : National Girl Child Day : बेटियों और महिलाओं को बनाएं सशक्त, दिलाएं अधिकार... निकाली गई जागरूकता रैली
