Bahraich News : संदिग्ध परिस्थितियों में सरयू नहर में किशोर ने लगाई छलांग, तलाश जारी
बहराइच, अमृत विचार : जिले के पयागपुर थाना अंतर्गत रायडीह के मिर्चिहा गांव में एक किशोर ने सरयू नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही गांव में हड़कम्प मच गया। इसके बाद ग्रामीणों ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में खोजबीन की। बावजूद इसके किशोर का कहीं सुराग नहीं मिल सका।
इंस्पेक्टर करुणाकर पाण्डेय के मुताबिक, ग्राम पंचायत रायडीह के मिर्चिहा निवासी सुखदेव शुक्ला खेतीबाड़ी करते हैं। उनके इकलौते बेटे आशीष उर्फ राजा (16) ने सोमवार को सरयू नहर में छलांग लगा दी। नहर के किनारे गोबर का ढेर लगा रही महिला ने किशोर को छलांग लगाते देखा तो वह शोर मचाने लगी। इसके बाद महिला ने किशोर के परिजनों को मामले जानकारी दी। नहर किनारे पहुंचे परिजनों ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में खोजबीन की, लेकिन किशोर का कहीं पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर ने बताया कि मंगलवार को एनडीआरएफ टीम के सहयोग से नहर में दोबारा किशोर की तलाश की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Mahakumbh 2025: आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे अमित शाह, परिवार संग की पूजा अर्चना
