हल्द्वानीः सड़क पर दौड़ी मौत, तीन लोगों ने तोड़ा दम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

-तीन सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की हुई मौत -एक घायल का अस्पताल में चल रहा है उपचार

हल्द्वानी, अमृत विचार: अलग-अलग समय और अलग-अलग मामलों में सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। एक मामले में बीते शनिवार रात को एक मोटर साइकिल सवार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक कुमाऊं आयुक्त कार्यालय में काम करता था।  


इसके अलावा एक अन्य मामले में बीती 22 जनवरी को घुड़दौड़ा रामपुर रोड क्षेत्र में एक वाहन ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। स्कूटी सवार नगर निगम रुद्रपुर में उपनल के तहत काम करता था। दुर्घटना के कई लोग चश्मदीद गवाह भी हैं। घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।  एक पुराने मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सड़क दुर्घटना के आरोपी के ऊपर मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष ने न्यायालय में कहा कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। मामले में एक ट्रक चालक की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई थी। घटना बीती पांच नवंबर की है। 

दुर्घटना एक-कुमाऊं आयुक्त के अर्दली की सड़क दुर्घटना में मौत
हल्द्वानी। एसडीएम कोर्ट परिसर के पास हुई सड़क दुर्घटना में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के अर्दली की मौत हो गई। ऋषि पांडे निवासी एसडीएम परिसर हल्द्वानी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसके पिता विरेंद्र पांडे 25 जनवरी की रात को करीब 11 बजे एसडीएम कोर्ट परिसर में स्थित आवास से किसी काम से बाहर को जा रहे थे। इसी दौरान कालाढूंगी रोड स्टेडियम वाले तिराहे पर एक बुलेट मोटर साइकिल (यूके04 एजे 9885) का चालक  तीव्र गति से मोटर साइकिल को ला रहा था।

चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुये विरेन्द्र पांडे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वीरेंद्र बुरी तरह से घायल हो गए। एक राहगीर में जब उन्हें खून से लथपथ देखा तो किसी तरह से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। जब काफी देर तक वीरेंद्र नहीं घर नहीं आए तो उनके बेटे ने फोन किया। तब पता चला कि उसके पिता घायल हैं और अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल में पता चला कि वीरेंद्र पांडे की उपचार के दौरान मौत हो गई है। प्रार्थी ने पुलिस से मांग की है कि बुलेट चालक की लापरवाही की वजह से उसके पिता की जान गई है, अत: उसके ऊपर कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि इस घटना वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ है।

दुर्घटना दो-चुनाव ड्यूटी से लौट रहे उपनल कर्मी की मौत
हल्द्वानी। नगर निगम चुनाव में ड्यूटी करके घर वापस लौट रहे उपनल कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। मृतक रुद्रपुर क्षेत्र का रहने वाला है। विकास नेगी निवासी किशनपुर, घुड़दौड़ा, रामपुर रोड ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसके बड़े भाई सागर नेगी नगर निगम रूद्रपुर में उपनल के माध्यम से सेवारत थे। उनकी ड्यूटी नगर निकाय चुनाव में लगी हुई थी। बीती 22 जनवरी को सागर नेगी चुनाव ड्यूटी करके अपनी स्कूटी (यूके 04 एएच 7302) पर सवार होकर रूद्रपुर से हल्द्वानी को वापस आ रहे थे। रात करीब आठ बजे जब जब सागर घर की तरफ सड़क पार कर कच्चे स्थान पर पहुंच चुके थे कि अचानक हल्द्वानी की ओर से अत्यधिक तेज गति से आ रहे एक वाहन संख्या डीएल 8 सीएएस 7685 के चालक ने लापरवाही से स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना के दौरान स्कूटी व चालक वाहन में फंस गए। वाहन चालक काफी दूर तक उन्हें ले गया और एक पेड़ से टकराने के बाद वाहन रुका। जिस कारण सागर नेगी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को आसपास के लोगों ने भी देखा। घायल को उपचार के लिए गुरुनानक पुरा स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर आए जहां उनकी मौत हो गई। प्रार्थी ने पुलिस से कहा कि वाहन चालक की वजह से उसके भाई की मौत हुई है। पुलिस ने घटना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

दुर्घटना तीन-न्यायालय के आदेश पर सड़क दुर्घटना में मुकदमा
हल्द्वानी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सड़क दुर्घटना के आरोपी के ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया है। दुर्घटना में ट्रक से टक्कर होने पर एक मजदूर की मौत हो गई थी और एक घायल हो गया था। 
लीलाधार मौर्या निवासी विष्णु पारिजात भोटिया पड़ाव के अनुसार बीती पांच नवंबर को उसका भतीजा बीरेश कुमार उम्र 30 वर्ष सुबह पांच बजे मजदूरी करने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ जा रहा था। अचानक ट्रांसपोर्ट चौराहा बाईपास किसी ट्रक ने बीरेश का टक्कर मार दी। घटना के बाद मिश्री यादव ने बीरेश को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में पुलिस ने कई दिनों तक रिपोर्ट लिखने में आनाकानी की। इसके बाद पीड़ित पक्ष न्यायालय की शरण में गया। न्यायालय ने आदेश देते हुए घटना में आरापी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार