पुलिस के घर चोरी, सुरक्षा पर सवाल उठे 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार : 46वीं वाहिनी पीएसी सिपाही के घर हुई लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। हमेशा गेटबंद एवं सुरक्षा गार्ड की तैनाती रहने के बावजूद सिपाही के घर चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा होने लगा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


46वीं वाहिनी पीएसी में तैनात सिपाही सुभाष गिरि ने बताया कि वह परिवार के साथ वाहिनी के सरकारी क्वार्टर में रहता है। 18 जनवरी को परिवार पैतृक गांव गया हुआ था, जबकि वह 21 जनवरी को चुनाव ड्यूटी देहरादून रवाना हुआ था। 26 जनवरी को पड़ोसी मुख्य आरक्षी का फोन आया। उसने घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद जब वह घर पहुंचा तो पाया कि घर का सामान बिखरा हुआ पड़ा है और अलमारी का लॉक तोड़कर सोने का मांग टीका, नथ, सोने का हार,दो अंगूठियां,पौची सहित चांदी के जेवरात चोरी हो चुके थे। जिनकी कीमत साढ़े पांच लाख के करीब है।

सूचना मिलने पर थाना पंतनगर पुलिस ने घटना की जानकारी ली और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर,थाना प्रभारी पंतनगर सुदरम शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे,पीएसी गेट एंट्री रजिस्टर के आधार पर तफ्तीश कर रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

संबंधित समाचार