Lucknow News : सीजी सिटी फुटओवर ब्रिज बनेगा फूडीज
लखनऊ, अमृत विचार : सीजी सिटी में इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पीछे बना फुटओवर ब्रिज शहर के फूडीज और फन लवर का नया ठिकाना बनेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण फुटओवर ब्रिज के आसपास के 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्र को रचनात्मक व मनोरंजन गतिविधियों के लिहाज से विकसित करेगा। बुधवार को इस कार्य के लिए आरएफपी जारी की गई।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सीजी सिटी (चक गंजरिया) में हार्मनी पार्क के पास लगभग 20 हजार वर्गमीटर भूमि को रचनात्मक व मनोरंजक गतिविधियों के क्षेत्र के रूप में विकसित करेंगे। जोकि मुख्य रूप से कला, शिल्प और संस्कृति पर केन्द्रित होगा। इस क्षेत्र में फुटओवर ब्रिज भी बना हुआ है, जिसके पास सात दुकानें बनेंगी। जहां लोग अलग-अलग क्यूजीन का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके अलावा यहां सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक विशेष स्थान विकसित किया जाएगा।
जहां आर्ट गैलरी, ओपन माइक, नाटक, मूक अभिनय (माइम) जैसी गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी। साथ ही फुटओवर ब्रिज के पास एक इंटरप्रिटेशन सेंटर का भी प्रावधान किया जाएगा। जहां लोगों को वेटलैंड और पक्षियों से सम्बंधित विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। यह क्षेत्र शहीद पथ व इकाना क्रिकेट स्टेडियम से मात्र एक किमी दूरी पर स्थित है। इसके पास सेन्ट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट भी स्वरूप ले रहा है। भविष्य में यह क्षेत्र लोगों के मनोरंजन का हब बनेगा।
यह भी पढ़ें- Lucknow News : प्राइवेट प्रैक्टिस के आरोपी डॉक्टर से रिपोर्ट तलब
