एक क्लिक पर भाषा विश्वविद्यालय के छात्र अब कहीं से भी कर सकेंगे पढ़ाई, जानें क्या है पूरा प्लान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में स्वयम पोर्टल के माध्यम से सभी विषयों के 40 फीसद कोर्स ऑनलाइन पढ़ाए जाएंगे। छात्र अब कहीं से भी एक क्लिक पर कर सकेंगे पढ़ाई। इसे लेकर विश्वविद्यालय में स्वयम दिवस का आयोजन किया गया। अब इसे प्रत्येक विभाग में मनाए जाने की तैयारी है। 

सरकार ऑनलाइन स्वयम पोर्टल के माध्यम से अनिवार्य ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध करा रही है। इसे लेकर विश्वविद्यालय में स्वयम दिवस का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों को स्वयम पोर्टल और ऑनलाइन कोर्स के बारे में जानकारी दी गई।

भाषा विश्वविद्यालय में सभी विभागों में स्वयम दिवस का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. रुचिता सुजॉय चौधरी ने बताया कि स्वयम दिवस के माध्यम से शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम 40 प्रतिशत कोर्स अब स्वयम के माध्यम से ही पढ़ाए जाएंगे। 

पत्रकारिता व जनसंचार विभाग के डॉ. काज़िम रिज़वी ने बताया कि विभाग के विद्यार्थी अब ऑनलाइन शिक्षा का लाभ घर बैठे एक क्लिक पर ले सकते हैं। डॉ. शचींद्र शेखर ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं। जिसकी परीक्षा और मूल्यांकन नोडल केंद्र पर किया जा सकेगा। 

अंग्रेजी विभाग के डॉ. हारून रशीद ने कहा कि स्वयम पोर्टल के माध्यम से वे विभिन्न विषयों में ऑनलाइन पाठ्यक्रम कर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं और अपनी शिक्षा को और अधिक सशक्त बना सकते हैं। डॉ. चितवन मिश्रा ने कहा कि स्वयम पोर्टल के माध्यम से छात्र पत्रकारिता, मानविकी, समाजशास्त्र, विज्ञान, कला, और अन्य विभिन्न विषयों में कोर्स कर सकते हैं।

स्वयम पोर्टल और रजिस्ट्रेशन से अवगत हुए छात्र
स्वयम दिवस के अवसर पर छात्रों को स्वयम पोर्टल पर पाठ्यक्रम चयन और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को स्वयम पोर्टल का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और भविष्य में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।

संबंधित समाचार