इटावा में युवक की हत्या: मोबाइल चोरी के विवाद में सिर पर मारा ईंट...मौत, पूर्व प्रधान के बेटे के खिलाफ FIR दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

इटावा, अमृत विचार। सैंफई थानाक्षेत्र के ग्राम नगला गडरियान में गुरुवार रात मोबाइल चोरी को लेकर हुए विवाद में एक युवक के सिर पर ईंट मार दिया। जिससे युवक की मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

ग्राम नगला गडरियान निवासी 38 वर्षीय राजवीर सिंह गुरुवार रात अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था। इसी दौरान पड़ोसी और पूर्व प्रधान विश्राम सिंह व उनके बेटे सिंटू से उसके छोटे भाई विजय के मोबाइल चोरी को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर राजवीर गली में भागने लगा, तभी पूर्व प्रधान के बेटे सिंटू ने पीछे से ईंट फेंककर उसके सिर में मार दी, जिससे राजवीर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। 

घटना के बाद गांव में मातम छा गया। मृतक का छोटा भाई विजय, जो गांव में अकेला रहता है, उसने पुलिस को तहरीर देकर सिंटू पुत्र विश्राम सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

राजवीर बहुत ही गरीब परिवार से था और पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। वह दिल्ली में रहकर पत्नी और बच्चों के साथ मजदूरी करता था। उसके अन्य भाई भी पंजाब व अन्य जनपदों में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे हैं। दस दिन पहले ही वह पत्नी को दिल्ली में छोड़कर गांव आया था। 

शुक्रवार सुबह मृतक की पत्नी कांता देवी अपने दोनों बेटों सागर और आकाश के साथ सैफई पहुंची। उसका आरोप है कि पुलिस ने जल्दबाजी में मुकदमा दर्ज कर लिया और उसके गांव पहुंचने तक का इंतजार भी नहीं किया। उसने पुलिस को नई तहरीर दी, जिसमें पूर्व प्रधान विश्राम सिंह, उसके परिवार के सदस्यों और अपने देवर विजय को भी आरोपी बनाया है।

ये भी पढ़ें- कानपुर मंडल के लाल गुरदीप खन्नी ने उत्तराखंड में नाम किया रोशन: राजस्थान को हराकर उत्तर प्रदेश की टीम ने कांस्य पदक

संबंधित समाचार